District Boxing Championship: खिलाड़ियों ने दिखाया पंचों का दम, फाइनल में पहुंचे ये खिलाड़ी
लखनऊ, अमृत विचार: प्रथम वीकेएस (विजय कुमार साहू) फाउंडेशन मेमोरियल जिला बॉक्सिंग चैंपियनशिप के दूसरे दिन शनिवार को खेले गए सेमीफाइनल मुकाबलों में खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में जगह बना ली। प्रतियोगिता का आयोजन केडी सिंह बाबू स्टेडियम के बॉक्सिंग एरिना में बॉक्सिंग एसोसिएशन लखनऊ की देखरेख में किया जा रहा है।
दिनभर चले मुकाबलों में आरुषी, वर्णिका, अनुष्का, शगुन, शिवानी के साथ अंश, फैज, यशदीप, ऋषभ, करन और रेहान ने शानदार तकनीक और ताकत का प्रदर्शन करते हुए अपने-अपने मुकाबले जीतकर फाइनल का टिकट हासिल किया। कार्यक्रम के दौरान ममता चैरिटेबल ट्रस्ट के निदेशक राजीव मिश्रा ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। वहीं मुकाबलों से पहले पूर्व राष्ट्रीय खिलाड़ी व वरिष्ठ कोच नसीम कुरैशी के निधन पर शोकसभा आयोजित कर श्रद्धांजलि दी गई।
सब जूनियर बालिका वर्ग के परिणाम
50 किग्रा में मॉडर्न अकादमी विनम्र खंड की आरुषी ने सीएमएस स्टेशन रोड की यशस्वी श्री रावत को हराया। 52 किग्रा में एपीएस की वर्णिका मिश्रा ने रेसी को पराजित किया, जबकि केडी सिंह बाबू स्टेडियम की अनुष्का शर्मा ने अलीजा को मात दी। 57 किग्रा में सेंट मैरी की सारा कलाम और सीएमएस शालीमार की अपूर्वा दक्ष ने जीत दर्ज कर फाइनल में जगह बनाई।
अन्य मुकाबलों में 36 किग्रा में शगुन, 44 किग्रा में इशिका अवस्थी, 32 किग्रा में आरुषी राय और 40 किग्रा में शिवानी पाठक ने जीत हासिल कर फाइनल में प्रवेश किया।
