Bareilly: एआई से अश्लील फोटो बनाकर किया ब्लैकमेल, तेजाब फेंकने की धमकी

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बरेली, अमृत विचार। एआई तकनीक के दुरुपयोग का गंभीर मामला सामने आया है। युवती ने पड़ोसी युवक और उसके साथियों पर फर्जी अश्लील फोटो बनाकर ब्लैकमेल करने और तेजाब फेंकने की धमकी देने का आरोप लगाया है।

मोहल्ला सूफी टोला खदना निवासी पीड़िता की मां ने एसएसपी को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उनकी पुत्री की करीब 13 वर्ष पहले पास के कैफी पुत्र अनीस मियां से जान-पहचान थी। आरोप है कि कैफी ने मोबाइल पर अश्लील संदेश भेजने शुरू कर दिए और विरोध करने पर कॉलेज आते-जाते समय छेड़छाड़ करने लगा। शिकायत करने पर आरोपी पक्ष ने उल्टा युवती को ही बदनाम करना शुरू कर दिया।

पीड़िता का आरोप है कि कुछ समय बाद कैफी अपने साथियों के साथ तेजाब की बोतल लेकर घर पहुंचा और धमकी दी कि अगर उसकी बात नहीं मानी तो चेहरा बिगाड़ देगा। घटना के बाद परिवार ने युवती का रिश्ता बदायूं में तय किया, लेकिन आरोप है कि कैफी और उसके साथियों ने साजिश के तहत ससुराल पक्ष की जानकारी हासिल कर ली।

इसके बाद कैफी और उसकी पत्नी ने कथित तौर पर युवती को एआई से तैयार अश्लील फोटो दिखाकर पांच लाख रुपये की मांग की। रुपये न देने पर फोटो वायरल करने की धमकी दी गई। आरोप है कि आरोपियों ने युवती का चेहरा लगाकर फर्जी अश्लील फोटो तैयार कर ससुराल पक्ष को भेज दिए, जिससे रिश्ता टूट गया। पीड़िता के अनुसार आरोपियों ने फोटो वायरल कर दिए, जिससे वह गहरे मानसिक आघात में है। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी जा रही है और लगातार उत्पीड़न किया जा रहा है। एसएसपी के आदेश पर बारादरी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

 

संबंधित समाचार