प्रयागराज : तीन मंजिला इमारत में लगी भीषण आग, रेस्टोरेंट व मॉडल शॉप जलकर राख

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के सिविल लाइन्स थाना क्षेत्र स्थित पत्रिका चौराहे पर रविवार देर रात तीन मंजिला व्यावसायिक भवन में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। हादसे में दो रेस्टोरेंट और एक अंग्रेजी मॉडल शॉप में लाखों रुपये के सामान व शराब सहित जलकर राख हो गए।

आग पत्रिका चौराहे पर स्थित एक भवन में लगी, जिसके ग्राउंड फ्लोर पर अंग्रेजी मॉडल शॉप, जबकि बेसमेंट और प्रथम तल पर रेस्टोरेंट संचालित हो रहे थे। आग लगने के बाद कुछ ही देर में बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर और प्रथम तल पूरी तरह उसकी चपेट में आ गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग की लपटें करीब 15 फीट ऊंचाई तक उठ रही थीं, जिससे आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना रात करीब 2:30 बजे फायर ब्रिगेड को दी गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। आग की तीव्रता को देखते हुए चार दमकल गाड़ियों को लगाया गया। कड़ी मशक्कत के बाद सोमवार सुबह करीब 6 बजे आग पर काबू पाया जा सका।

प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है। प्रशासन और अग्निशमन विभाग की टीमें नुकसान का आकलन कर रही हैं। घटना में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है।

संबंधित समाचार