Moradabad: मौसम...न्यूनतम और उच्चतम तापमान का अंतर गिरा

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। जिले में गर्मी का असर रविवार को भी बरकरार रहा। दिन में चटख धूप और गर्म हवा के बीच अब न्यूनतम तापमान बढ़ने से लोगों को रात में भी गर्मी परेशान करने लगी है। रविवार को अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान एक डिग्री बढ़कर 23 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया।

सुबह से ही तेज धूप ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए थे। दोपहर तक गर्म हवाओं ने माहौल को और ज्यादा तपिश भरा बना दिया। हालांकि अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं हुआ, लेकिन रात के तापमान में वृद्धि से लोगों को सुकून नहीं मिल पा रहा है। देर रात तक गर्मी का असर बना रहने से लोगों की नींद भी प्रभावित हो रही है। 

रविवार होने के बावजूद बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर अपेक्षाकृत कम भीड़ देखने को मिली। लोग धूप और गर्म हवाओं से बचने के लिए घरों में ही रहना बेहतर समझ रहे हैं। वहीं ठंडे पेय, आइसक्रीम और जूस की दुकानों पर लोगों की आवाजाही जरूर बढ़ी है। चिकित्सकों के अनुसार दिन के साथ-साथ रात में बढ़ती गर्मी शरीर पर अतिरिक्त प्रभाव डालती है।

ऐसे में शरीर को हाइड्रेट रखना बेहद जरूरी है। डॉ. मनोज यादव ने सलाह दी है कि दिन में धूप से बचें और रात में भी ठंडी हवा के लिए उचित इंतजाम करें। ऐसे में लोगों को लू और डिहाइड्रेशन से बचने के लिए सतर्क रहने की जरूरत है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी की संभावना है।

संबंधित समाचार