Uttrakhand: हल्द्वानी में फिटनेस का नया दौर, जिम और स्विमिंग के दीवाने हुए युवा
हल्द्वानी, अमृत विचार। शहर की सुबह अब सिर्फ चाय की चुस्कियों या अखबार पढ़ने तक सीमित नहीं है। शहर के युवाओं में फिटनेस को लेकर एक नया उत्साह और जागरूकता देखने को मिल रही है। अपनी सेहत को प्राथमिकता देते हुए, युवा अब अपनी दिनचर्या में जिम और तैराकी (स्विमिंग) को अनिवार्य हिस्सा बना रहे हैं।
इसमें सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है गोलापार स्थित अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम, जो अब केवल खिलाड़ियों के लिए नहीं, बल्कि आम फिटनेस प्रेमियों के लिए भी एक हब बन चुका है। तड़के सुबह होते ही गौलापार अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम के पास युवाओं की चहल-पहल शुरू हो जाती है। कोई जिम के भारी डंबल्स के साथ अपनी मसल्स को शेप दे रहा है, तो कोई स्विमिंग पूल में अपनी थकान मिटाने के साथ-साथ कार्डियो वर्कआउट कर रहा है।
क्या कहते हैं युवा?
स्थानीय युवा प्रदीप खन्ना पहले फिटनेस का मतलब सिर्फ दौड़ना होता था, लेकिन अब हम जिम में स्ट्रेंथ ट्रेनिंग और स्विमिंग में स्टैमिना पर ध्यान दे रहे हैं। गोलापार स्टेडियम जैसी जगह मिलने से हम जैसे युवाओं को बहुत फायदा हुआ है। यहाँ का वातावरण ही ऐसा है कि आप खुद-ब-खुद मेहनत करने के लिए प्रेरित हो जाते हैं। वहीं आशु सामंत बताते है कि भागदौड़ भरी जिंदगी और जॉब के कारण फिटनेस अनिवार्य हो गई है। हम सिर्फ फिट नहीं दिखना चाहते, बल्कि अंदरूनी तौर पर स्वस्थ रहना चाहते हैं।
विशेषज्ञों की राय
स्वास्थ्य विशेषज्ञों का भी मानना है कि जिम और स्विमिंग का कॉम्बो फिटनेस के लिए बेहतरीन है। जहां जिम शरीर को सुडौल और मजबूत बनाता है, वहीं स्विमिंग शरीर के हर अंग के लिए एक संपूर्ण व्यायाम है, जो हृदय स्वास्थ्य और फेफड़ों की क्षमता को भी बढ़ाता है। युवा फिटनेस शारीरिक स्वास्थ्य के लिए, बल्कि शहर की जीवनशैली में आ रहे सकारात्मक बदलाव का एक बड़ा संकेत है।
