सीएम योगी ने लखनऊ से ‘सोमनाथ स्वाभिमान यात्रा’ की शुरुआत, कहा- सदियों के आक्रमणों के बावजूद अडिग है सनातन आस्था
लखनऊ, अमृत विचार: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ के अंतर्गत ‘सोमनाथ स्वाभिमान यात्रा उत्तर प्रदेश’ की शुरुआत करते हुए कहा कि सदियों के आक्रमणों के बावजूद भारत की सनातन आस्था अडिग रही है और आज भी पूरी मजबूती के साथ आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि जैसे आत्मा अजर-अमर है, उसी प्रकार सनातन आस्था भी अमर पथ का प्रतीक है।
गोमतीनगर रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि इतिहास गवाह है कि विदेशी आक्रांताओं ने भारत की संस्कृति और आस्था पर बार-बार प्रहार किया, लेकिन वे न तो इसे तोड़ पाए और न ही झुका सके। सोमनाथ मंदिर पर हुए हमलों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि आक्रांताओं की बर्बरता के बावजूद सनातन धर्म की शक्ति अक्षुण्ण बनी रही और आज “यतो धर्मस्ततो जयः” के भाव के साथ पुनः अपने शिखर पर स्थापित हो रही है। उन्होंने स्वतंत्र भारत में सोमनाथ मंदिर के पुनरुद्धार को सांस्कृतिक स्वाभिमान का प्रतीक बताते हुए सरदार वल्लभभाई पटेल और डॉ. राजेंद्र प्रसाद के योगदान को याद किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उस समय भी कुछ बाधाएं आईं, लेकिन सरदार पटेल के दृढ़ संकल्प के आगे वे टिक नहीं सकीं और मंदिर का पुनर्निर्माण संभव हुआ।
योगी ने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वही सांस्कृतिक पुनर्जागरण नई ऊंचाइयों पर पहुंच रहा है। उन्होंने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण, काशी विश्वनाथ धाम कॉरिडोर और अन्य तीर्थ स्थलों के विकास का उल्लेख करते हुए कहा कि अब उत्तर प्रदेश में काशी की जीवंतता, अयोध्या की मर्यादा, मथुरा-वृंदावन की भक्ति और प्रयागराज की समरसता एक साथ दिखाई देती है। उन्होंने बताया कि इस यात्रा के तहत प्रदेश से 1000 से अधिक श्रद्धालु गुजरात स्थित सोमनाथ धाम के लिए रवाना हो रहे हैं, जिनके लिए विशेष ट्रेन की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि यह यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भारत की आस्था, एकता और सांस्कृतिक गौरव का प्रतीक है, जो देश को अपनी जड़ों से जोड़ने का कार्य करेगी।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल, मंत्री डॉ संजय निषाद, विधायक डॉ. नीरज बोरा, ओपी श्रीवास्तव, विधान परिषद सदस्य पवन चौहान, मुकेश शर्मा, लाल जी प्रसाद निर्मल और अपर मुख्य सचिव पर्यटन एवं संस्कृति विभाग अमृत अभिजात उपस्थित रहे।
अयोध्या का नाम आते ही गूंजता है जय श्री राम
मुख्यमंत्री ने कहा कि जो कार्य आजाद भारत में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल और डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने आगे बढ़ाया था, उसी अभियान को आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया जा रहा है। 10-11 वर्ष पहले कोई सोच भी नहीं सकता था कि अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण हो पाएगा। आज हर भारतवासी, देश या दुनिया के किसी भी कोने में जाए हर जगह एक ही आवाज गूंजती है और वह है जय श्री राम। कोई भी भारतीय चाहे देश में हो या विदेश में, जब अयोध्या का नाम सुनता है तो स्वतः उसके मुंह से जय श्री राम निकलता है और वह तुरंत कहता है कि उसे अयोध्या जाने की बहुत इच्छा है।
