India-South Korea Trade: भारत-दक्षिण कोरिया ने की FTA में संशोधन पर चर्चा, पीयूष गोयल ने व्यापार घाटे पर जताई चिंता

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

दिल्ली। भारत और दक्षिण कोरिया ने सोमवार को आर्थिक संबंधों को बढ़ावा देने के लिए दोनों देशों के बीच मौजूदा मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) में संशोधन पर चर्चा की। वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और दक्षिण कोरिया के व्यापार मंत्री येओ हान-कू के बीच हुई बैठक में इस समझौते पर चर्चा हुई। 

गोयल ने सोशल मीडिया पर लिखा, ''हमने भारत-कोरिया सीईपीए (व्यापक आर्थिक भागीदारी समझौता) पर बातचीत को फिर से शुरू करने और उसमें संशोधन करने के तरीकों पर चर्चा की और औद्योगिक सहयोग, हरित ऊर्जा और डिजिटल व्यापार में गहन सहयोग के अवसरों का पता लगाया।'' दोनों देश सीईपीए को बेहतर बनाने पर विचार कर रहे हैं। इसे जनवरी, 2010 में लागू किया गया था। 

अब तक, समीक्षा वार्ता के 10 से अधिक दौर हो चुके हैं। भारत ने पहले दक्षिण कोरिया से इस्पात, चावल और झींगा जैसे कुछ उत्पादों के निर्यात को बढ़ावा देने के लिए अधिक बाजार पहुंच की मांग की थी। भारत ने कोरियाई कंपनियों द्वारा भारतीय इस्पात न खरीदने पर भी चिंता जताई थी। 

भारत ने दोनों देशों के बीच बढ़ते व्यापार घाटे पर कई बार चिंता व्यक्त की है। भारत से दक्षिण कोरिया को होने वाला निर्यात 2024-25 में 9.3 प्रतिशत की गिरावट के साथ 5.81 अरब डॉलर रहा जबकि 2023-24 में यह 6.41 अरब डॉलर था। आयात में मामूली 0.34 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई और यह 2024-25 में 21 अरब डॉलर रहा। 

ये भी पढ़ें : 
Summer Special Train : गर्मियों की छुट्टियों के लिए रेलवे का बड़ा तोहफा, 3 महीनों में देश भर में दौड़ेंगी 908 समर स्पेशल ट्रेनें

संबंधित समाचार