Moradabad: नाबालिग छात्रों के स्कूटी-बाइक चलाकर स्कूल आने पर लगेगी रोक

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। जिलाधिकारी अनुज सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई। इसमें जर्जर व टूटी सड़कों का मुद्दा गूंजा। जिलाधिकारी ने सड़क हादसे रोकने के लिए सड़कों को प्राथमिकता पर जल्द ठीक कराने और पथ प्रकाश व्यवस्था सुधारने का कड़ा निर्देश दिया। कहा कि लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

जिलाधिकारी ने कक्षा एक से कक्षा 12 तक के कम उम्र के छात्र-छात्राओं के स्कूटी व बाइक से स्कूल जाने पर कहा कि परिवहन विभाग के अधिकारी इस दिशा में प्रभावी कदम उठाएं। ऐसे छात्र छात्राओं को रोका जाए जो बिना ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन चलाकर यातायात नियमों को तोड़ रहे हैं।

जिलाधिकारी ने परिवहन विभाग के अधिकारी से कहा कि विद्यालय प्रबंधन से मिलकर इसका सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित कराएं। विद्यालयों में गाइडलाइन उपलब्ध कराकर सुनिश्चित कराएं कि स्कूटी से जाने वाले बच्चों द्वारा किसी भी प्रकार से यातायात नियमों की अनदेखी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि छोटी उम्र के बच्चों द्वारा स्कूटी से विद्यालय जाने की परंपरा को प्रतिबंधित किया जाए। अभियान चलाकर विद्यालयों के प्रबंधकों की जिम्मेदारी भी तय होनी चाहिए। यह सुरक्षा से जुड़ा मामला है इसलिए गंभीरता जरूरी है। पिछली बैठक में दिए निर्देश के बारे में एआरटीओ आनंद निर्मल से पूछा। जिस पर उन्होंने बताया कि 779 स्कूली वाहनों के सापेक्ष 669 का सेफ्टी ऑडिट हो चुका है।

नेशनल हाईवे पर साइड पट्टी क्लियर करने और बारिश के दौरान जल भराव की समस्या का समाधान कराने के लिए नेशनल हाईवे के मेंटीनेंस से संबंधित नोडल एजेंसी को निर्देश दिया। अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी को सड़कों की सफाई कराने के लिए कहा। संभल मार्ग पर राहगीरों की सुविधा के लिए प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त कराने का निर्देश दिया। बैठक में एसपी यातायात सुभाष चंद्र गंगवार, अपर जिलाधिकारी नगर ज्योति सिंह, लोनिवि के अधिशासी अभियंता कुलदीप संत, जिलापूर्ति अधिकारी अजय प्रताप सिंह, जिला बेसिक शिक्षाधिकारी विमलेश कुमार, स्मार्ट सिटी के महाप्रबंधक तकनीकी अनिल कुमार मित्तल सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

चाइनीज मांझे का प्रयोग करने वालों पर हो मुकदमा
जिलाधिकारी ने पतंग उड़ाने के लिए चाइनीज मांझे का प्रयोग कर आमजन को संकट में डालने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने का निर्देश दिया। कहा कि ऐसे लोगों से सख्ती से निपटें।

सड़कों को करें दुरुस्त, होगी सुरक्षा
प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के अंतर्गत जिले में बनी सड़कों के सेफ्टी ऑडिट के बारे में जिलाधिकारी ने पिछले बैठक में निर्देश पर कार्रवाई की जानकारी ली। कहा कि रंबल स्ट्रिप मानकों के अनुरूप अनिवार्य रुप से लगवाएं। चेतावनी संकेतक एवं थर्मोप्लास्ट पेंट भी अच्छी गुणवत्ता की लगी होनी चाहिए। नेशनल हाईवे पर चिन्हित ब्लैक स्पॉट की मरम्मत के लिए जिलाधिकारी ने पुलिस, पीडब्ल्यूडी, एनएचएआई और मजिस्ट्रेट की संयुक्त टीम गठित करने के निर्देश दिए।

रिमॉडलिंग कार्य की दूर करें बाधा
हनुमान मूर्ति चौराहे पर रिमॉडलिंग कार्य में बाधा बन रहे 33 केवी एवं 11 केवी के विद्युत पोलों एवं विद्युत केबल को शिफ्ट न करने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। बिजली विभाग के अधिकारियों को तत्काल विद्युत पोल हटवाने के लिए कहा। अगवानपुर पुल के क्षतिग्रस्त होने की जानकारी लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता से जानकारी ली। एमडीए के अधिकारियों को निर्देश दिया कि पुल पर लगे विद्युत पोल को सही कराएं जिससे पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था बनी रहे।

 

संबंधित समाचार