सीतापुर : मैजिक पेन से चेक की रकम बदलकर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश, तीन सदस्य गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

सीतापुर। उत्तर प्रदेश में सीतापुर जिले की शहर कोतवाली पुलिस और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने बैंक खातों से लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक शातिर अंतरराज्यीय गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि गिरोह विशेष केमिकल युक्त पेन और लाइटर की मदद से चेक पर लिखी रकम बदलकर धोखाधड़ी करता था।

पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पियूष शुक्ला, अशोक रतन और अमर सिंह निवासी प्रयागराज के रूप में हुई है। तीनों को बहुगुणा चौराहा स्थित वैदेही वाटिका रोड के पास से पकड़ा गया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पांच नकली पहचान पत्र, चार कूटरचित आधार कार्ड, पांच श्रीराम फाइनेंस लोन आवेदन पत्र, तीन बैंक चेक, मोबाइल फोन, एक केमिकल युक्त स्याही वाला पेन, एक लाइटर, पांच हजार रुपये नकद तथा घटना में प्रयुक्त डिजायर कार बरामद की है।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे स्वयं को श्रीराम फाइनेंस कंपनी का एजेंट बताकर व्यापारियों को बिजनेस लोन दिलाने का झांसा देते थे। विश्वास जीतने के बाद पीड़ितों से आधार कार्ड, पैन कार्ड और बैंक चेक प्राप्त कर लेते थे। इसके बाद विशेष केमिकल पेन से चेक पर कम राशि, जैसे 100 या 200 रुपये भरवाते थे।

बाद में लाइटर की सहायता से स्याही मिटाकर चेक पर बड़ी रकम अंकित कर बैंक से धनराशि निकाल लेते थे। इस संबंध में शहर कोतवाली में पूर्व से अभियोग दर्ज था। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

संबंधित समाचार