IIMT University में बोले उपराष्ट्रपति- 2047 तक आर्थिक महाशक्ति बनने की राह पर भारत
मेरठ। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने कहा है कि वर्ष 2047 तक भारत एक विकसित राष्ट्र के साथ-साथ आर्थिक महाशक्ति के रूप में स्थापित होगा और इस लक्ष्य को हासिल करने में युवाओं की भूमिका निर्णायक रहेगी। मंगलवार को आईआईएमटी विश्वविद्यालय के तीसरे दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए उपराष्ट्रपति ने युवाओं को देश के विकास का प्रमुख आधार बताते हुए उन्हें जिम्मेदारी निभाने के लिए आगे आने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि दीक्षांत समारोह शिक्षा यात्रा का अंत नहीं बल्कि नए अवसरों और लक्ष्यों की शुरुआत है। विद्यार्थियों को असफलताओं से घबराने के बजाय उनसे सीख लेकर आगे बढ़ने की सलाह देते हुए उन्होंने कहा कि हर विफलता व्यक्ति को और मजबूत बनाती है। उपराष्ट्रपति ने मेरठ में रैपिड रेल और मेट्रो परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि ये आधुनिक परिवहन सुविधाएं शहर को नई पहचान दे रही हैं और क्षेत्रीय विकास को गति प्रदान करेंगी।
समारोह के दौरान कुल 3708 विद्यार्थियों को स्नातक एवं स्नातकोत्तर डिग्रियां प्रदान की गईं। इनमें 203 छात्रों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए स्वर्ण पदक दिया गया, जबकि 29 शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि प्रदान की गई। कार्यक्रम के मद्देनजर प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए थे। गंगानगर सहित आसपास के क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया तथा विभिन्न स्थानों पर सघन जांच अभियान चलाकर वाहनों की तलाशी ली गई।
