LSG -राजस्थान मैच में कड़ी सुरक्षा के इंतजाम: इकाना स्टेडियम को तीन सुपर जोन, ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

लखनऊ, अमृत विचार : भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में बुधवार को लखनऊ सुपर जायंट्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच आईपीएल मैच को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पूरे स्टेडियम परिसर को तीन सुपर जोन, छह जोन और 16 सेक्टर में विभाजित कर हर स्तर पर निगरानी सुनिश्चित की गई है। ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के जरिए संदिग्ध गतिविधियों, अराजकतत्वों और टिकट ब्लैक करने वालों पर नजर रखी जाएगी। कंट्रोल रूम से अधिकारी लगातार सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था की मॉनिटरिंग करेंगे।

संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था बबलू कुमार के अनुसार सुरक्षा व्यवस्था में एंटी टेररिस्ट स्क्वायड (एटीएस), एंटी माइन टीम, बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वायड, अर्धसैनिक बल और पुलिस मिलाकर 2000 से अधिक जवान तैनात किए गए हैं। इसके तहत तीन पुलिस उपायुक्त, छह अपर पुलिस उपायुक्त, 16 सहायक पुलिस आयुक्त, 35 इंस्पेक्टर, 254 दरोगा और 465 सिपाही ड्यूटी पर रहेंगे।

यातायात प्रबंधन के लिए पूरे क्षेत्र को दो सुपर जोन, तीन जोन, नौ सेक्टर और 24 सब सेक्टर में बांटा गया है। इसमें दो डीसीपी, तीन एडीसीपी, नौ एसीपी, 28 इंस्पेक्टर, 161 दरोगा, 391 पुलिसकर्मी और 108 होमगार्ड तैनात किए गए हैं। साथ ही पांच कंपनी पीएसी, एक कंपनी आरएएफ, वायरलेस यूनिट और इंटेलिजेंस टीम को भी सक्रिय रखा गया है।

महिला सुरक्षा का विशेष इंतजाम

भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर छेड़छाड़ की आशंका को देखते हुए सादे कपड़ों में 130 महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है, जो विशेष रूप से महिलाओं के समूहों के आसपास निगरानी रखेंगी।

भीड़ प्रबंधन एवं अपील

स्टेडियम में वीवीआईपी, खिलाड़ियों, मीडिया और आम दर्शकों के लिए अलग-अलग प्रवेश व निकास मार्ग तय किए गए हैं। पुलिस ने लोगों से निर्धारित गेट व पार्किंग का उपयोग करने, सुरक्षा जांच में सहयोग देने, संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की सूचना तुरंत देने और ट्रैफिक डायवर्जन का पालन करने की अपील की है। मैच के दौरान और बाद में यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जाएगी।

ये भी पढ़ें : 
लखनऊ रूट पर 10 घंटे तक देरी से चल रहीं ट्रेनें, तकनीकी कार्यों और मेगा ब्लॉक का असर

 

 

संबंधित समाचार