Bareilly:सिटी स्टेशन रोड से पूरी तरह से हटा ट्रैफिक प्रतिबंध, दौड़ने लगे भारी वाहन

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बरेली, अमृत विचार। करीब दो महीने से धूल और डायवर्जन की मार झेल रहे शहरवासियों के लिए मंगलवार को सिटी स्टेशन रोड को सभी प्रकार के वाहनों के लिए पूरी तरह खोल दिया गया है। पीडब्ल्यूडी और ट्रैफिक पुलिस के संयुक्त निरीक्षण के बाद लिए गए इस फैसले से हजारों लोगों को बड़ी राहत मिली है।

चौपुला पुल से किला क्षेत्र को जोड़ने वाली यह सड़क शहर के सबसे व्यस्ततम इलाकों में शुमार है। जलभराव के कारण यह मार्ग अक्सर क्षतिग्रस्त हो जाता था, इस गंभीर समस्या का स्थायी हल निकालने के लिए नगर निगम ने पांच करोड़ रुपये का विशेष बजट पीडब्ल्यूडी को आवंटित किया था। इसके तहत 1200 मीटर लंबी हाई-क्वालिटी सीसी रोड का निर्माण कराया गया है।

 सड़क निर्माण के दौरान वन-वे ट्रैफिक और लंबे डायवर्जन की वजह से आम जनता को रोजाना भीषण जाम से जूझना पड़ रहा था। पीडब्ल्यूडी के प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता भगत सिंह ने बताया कि पिछले सप्ताह केवल दोपहिया वाहनों और ई-रिक्शा को अनुमति दी गई थी, अब सड़क को भारी वाहनों यानी बस और ट्रकों के लिए भी पूरी तरह खोल दिया गया है।

उर्स-ए-ताजुश्शरिया के मद्देनजर लिया फैसला
बरेली में 24 अप्रैल से शुरू हो रहे 36वें उर्स-ए-ताजुश्शरिया को देखते हुए प्रशासन ने सिटी स्टेशन रोड को पूरी तरह खोलने का निर्णय लिया है। 23 अप्रैल को निकलने वाले पारंपरिक ''परचम कुशाई'' जुलूस और देश-विदेश से आने वाले हजारों अकीदतमंदों की सुविधा के लिए पीडब्ल्यूडी ने यह कदम उठाया है। एक्सईएन के अनुसार, उर्स के दौरान जायरिनों की बसों के भारी दबाव को देखते हुए शासन के निर्देश पर सड़क बहाल की गई है, ताकि यातायात सुचारू बना रहे।

 

संबंधित समाचार