वरुण विहार को शहर से जोड़ेगा एलिवेटेड रोड: प्रस्ताव तैयार करने के दिए निर्देश, रोड कनेक्टिविटी होगी आसान 

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

लखनऊ, अमृत विचार : आगरा एक्सप्रेस-वे पर 2664 हेक्टेयर में प्रस्तावित एलडीए की अब तक की सबसे बड़ी वरुण विहार आवासीय योजना शहर को कनेक्ट होगी। इसके लिए हैदर कैनाल के समानांतर लगभग 11 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड रोड बनेगा। जिस पर हजरतगंज से वरुण विहार का सफर 20 मिनट में पूरा होगा, अभी 50 मिनट लगते हैं। 

उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बुधवार को योजना का निरीक्षण करके एलिवेटेड रोड का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। जून से योजना लांच करके कैलाश खंड एवं काशी खंड में 2100 भूखंडों का पंजीकरण खोला जाएगा। दोनों सेक्टर व आसपास के क्षेत्र में ले-आउट के अनुसार 60 मीटर, 45 मीटर व 24 मीटर चौड़ी सड़कों के निर्माण के लिए जल्द टेंडर कराने के निर्देश दिए हैं।

सदर व सरोजनी नगर तहसील के ग्राम भलिया, आदमपुर इन्दवारा, बहरू, जलियामऊ एवं मदारपुर, इब्राहिमगंज, नकटौरा, गहलवारा, तेजकृष्ण खेड़ा, रेवरी, सकरा एवं दोना की भूमि किसानों से सहमति के आधार पर खरीदी जा रही है। उपाध्यक्ष ने दोना गांव में अस्थायी साइट ऑफिस में कैम्प करके अर्जन कार्रवाई की समीक्षा की। 

प्रभारी अधिकारी-अर्जन विराग करवरिया ने अवगत कराया कि अभी तक 853 हेक्टेयर भूमि के सहमति पत्र प्राप्त हो चुके हैं, जिसमें से 335 हेक्टेयर भूमि का बैनामा प्राधिकरण के पक्ष में हो चुका है। उपाध्यक्ष ने सेक्टर वार विवरण तैयार करने के निर्देश दिये। इससे नक्शे में यह स्पष्ट हो सके कि किस सेक्टर में कितनी भूमि खरीदी जा चुकी है और कितनी भूमि के सहमति पत्र मिले हैं।मुख्य अभियंता मानवेन्द्र सिंह, जोनल अधिकारी अतुल कृष्ण सिंह, अधीक्षण अभियंता नवनीत शर्मा समेत अन्य अधिकारी व अभियंता उपस्थित रहे।

अनंत नगर की कनेक्टिविटी के लिए चौड़ी होगी सड़क

अनंत नगर योजना की कनेक्टिविटी बेहतर करने के लिए नादरगंज से टीएस मिश्र विद्यालय, मोहान रोड होते हुए किसान पथ तक सड़क चौड़ीकरण का कार्य होगा। निविदा की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। उपाध्यक्ष ने निरीक्षण करके जोनल अधिकारी को निर्देश दिये कि मार्ग पर स्थित सभी अवैध निर्माणों के खिलाफ नोटिस जारी करके ध्वस्त करें।

ये भी पढ़ें : 

संबंधित समाचार