वाराणसी : युवती का धर्मांतरण कराकर दुष्कर्म करने वाला आरोपी गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

वाराणसी। उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले में सिगरा थाने की पुलिस ने शुक्रवार को एक युवती का जबरन धर्मांतरण कराकर दुष्कर्म करने के आरोपी रुस्तम को श्रीराम कॉम्प्लेक्स के पास से गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्त के खिलाफ सिगरा थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 64(1), 87, 123 एवं उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम 2021 की धारा 3/5(1) के तहत पहले ही मुकदमा पंजीकृत किया गया था। 

पुलिस के अनुसार, पीड़िता की माँ ने 21 अप्रैल को बेटी की गुमशुदगी की सूचना दी थी। 22 अप्रैल को पुलिस ने खोजबीन कर युवती को बरामद किया और परिजनों को सौंप दिया। हालांकि, जब पीड़ित युवती ने अपने माता-पिता को पूरी घटना बताई, तो मामला गंभीर निकला। 23 अप्रैल को पीड़िता के माता-पिता की ओर से दी गई दूसरी तहरीर में घटनाक्रम को अत्यंत चौंकाने वाला बताया गया।

पीड़िता ने बताया कि 21 तारीख को जब उसका भाई उसे विद्यालय छोड़कर चला गया, उसके कुछ देर बाद रुस्तम वहां आया और उसे बहला-फुसलाकर अंबेडकर नगर ले गया। वहां एक मजार पर उसे जबरन पानी में नशीला पदार्थ पिला दिया गया। इसके बाद उसका नाम बदलकर 'आफरीन बानो' रखते हुए उसका धर्म परिवर्तन करा दिया गया। 

आरोप है कि उसी दिन रुस्तम ने उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध भी बनाए। बाद में रुस्तम उसे कोर्ट में शादी करने के लिए ले गया, लेकिन पीड़िता द्वारा शोर मचाने पर वह मौके से भाग निकला। सिगरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आज अभियुक्त को सलाखों के पीछे भेज दिया है।  

संबंधित समाचार