प्रयागराज : यौन उत्पीड़न का आरोपी प्रोफेसर बर्खास्त, पीड़ित छात्रा ने PMO और UGC तक दर्ज कराई थी शिकायत
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज स्थित ईश्वर शरण डिग्री कॉलेज में छात्रा के साथ यौन उत्पीड़न के आरोपी एक प्रोफेसर को महाविद्यालय प्रशासन ने देर रात बर्खास्त कर दिया। यह कार्रवाई अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के नेतृत्व में छात्रों के प्रदर्शन के बाद की गई।
साथ ही, पीड़ित छात्रा पर दबाव बनाने के आरोप में सहयोगी शिक्षकों को कोर्स कोऑर्डिनेटर पद से हटा दिया गया। पीड़ित छात्रा पिछले दो माह से न्याय के लिए संघर्ष कर रही थी। उसने प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) और विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) तक शिकायत दर्ज कराई थी।
एबीवीपी के महानगर मंत्री प्रतीक मिश्र ने इसे "सत्य की जीत" बताते हुए कहा कि यह कार्रवाई शिक्षण संस्थानों में नैतिकता और छात्र सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि प्रोफेसर के खिलाफ कार्रवाई अनुशासन समिति के निर्णय के आधार पर की गई है। हालांकि, छात्रों के विरोध के बाद महाविद्यालय प्रशासन ने मामले पर पुनर्विचार की मांग स्वीकार कर ली है।
प्राचार्य प्रो. आनंद शंकर सिंह ने बताया कि प्रकरण को सोमवार को अनुशासन समिति के समक्ष दोबारा प्रस्तुत किया जाएगा, जहां छात्रा के पक्ष की समीक्षा के बाद अंतिम निर्णय लिया जाएगा। फिलहाल छात्रों से शांति बनाए रखने की अपील की गई है। इधर, कॉलेज परिसर में आरोपी प्रोफेसर के समर्थन में भी एक बड़ा छात्र समूह सामने आया।
समर्थकों ने आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए इसे शिक्षक की छवि धूमिल करने की साजिश करार दिया और उन्हें ससम्मान बहाल करने की मांग की। इस मुद्दे को लेकर कॉलेज में दो गुटों के बीच तनाव बढ़ गया है। महाविद्यालय प्रशासन ने दोनों पक्षों से वार्ता कर स्थिति सामान्य करने का प्रयास किया, लेकिन फिलहाल गतिरोध बना हुआ है। परिसर में स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
