बाराबंकी : समाधान दिवस निपटाकर पीपा पुल पहुंचे डीएम, व्यवस्थाओं का लिया जायजा, अधिकारियों को दिए दिशा-निर्देश

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

रामनगर/बाराबंकी, अमृत विचार। शनिवार को आयोजित थाना समाधान दिवस में जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह व पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान आईं 12 शिकायतों में एक का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शेष मामलों के त्वरित व प्रभावी निस्तारण के लिए पुलिस व राजस्व विभाग की संयुक्त टीम गठित की गई है। 

समाधान दिवस में अधिकांश शिकायतें भूमि विवाद से संबंधित रहीं। जिलाधिकारी ने पूर्व में निस्तारित मामलों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी प्रकरणों का समयबद्ध एवं गुणवत्ता पूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को अनावश्यक रूप से भटकना न पड़े। 

इसके उपरांत डीएम व एसपी प्रशासनिक टीम के साथ सरयू नदी पर बने पीपा पुल का निरीक्षण करने पहुंचे। उन्होंने मौके पर व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद संजय सेतु पर चल रहे मरम्मत कार्य की प्रगति की समीक्षा की और कार्य को निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। 

अधिकारियों ने सरयू नदी में प्रस्तावित खनन स्थल का भी स्थलीय निरीक्षण किया तथा अप्रोच मार्ग सहित अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी लेकर दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान एनएचआई व खनन विभाग के अधिकारियों के अलावा एसडीएम आनंद कुमार तिवारी, सीओ गरिमा पंत, तहसीलदार विपुल कुमार सिंह, थाना प्रभारी निरीक्षक अरुण प्रताप सिंह, नायब तहसीलदार विजय प्रकाश तिवारी सहित राजस्व निरीक्षक, लेखपाल व अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

संबंधित समाचार