Bareilly: पहचान बदलकर होमगार्ड परीक्षा दे रहा ''मुन्नाभाई'' गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बरेली, अमृत विचार। होमगार्ड परीक्षा-2025 के दौरान फर्जीवाड़े का बड़ा मामला सामने आया है। बरेली के साहू गोपीनाथ कन्या इंटर कॉलेज में आयोजित परीक्षा के दौरान एक अभ्यर्थी को पहचान बदलकर परीक्षा देते हुए पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी एक ही आधार कार्ड पर दो अलग-अलग रजिस्ट्रेशन कराकर दूसरी बार पेपर में बैठा था।

पुलिस के मुताबिक, रविवार को प्रथम पाली (सुबह 10 बजे से 12 बजे) की परीक्षा के दौरान केंद्र पर तैनात कर्मियों को एक अभ्यर्थी संदिग्ध लगा। बायोमेट्रिक सत्यापन के दौरान जब आधार नंबर मिलान किया गया तो गड़बड़ी सामने आ गई। इसके बाद अभ्यर्थी से सख्ती से पूछताछ की गई। जांच में उसकी पहचान अनुराग पुत्र राज बहादुर निवासी हरिहरपुर, थाना टड़ियावां, जनपद हरदोई के रूप में हुई। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने 25 अप्रैल को दरबारी लाल शर्मा इंटर कॉलेज, पीलीभीत रोड रिठौरा स्थित परीक्षा केंद्र पर धर्मेंद्र सिंह के नाम से परीक्षा दी थी।

इस तरह आरोपी लगातार नाम बदलकर परीक्षा में शामिल होकर अनुचित लाभ लेने की कोशिश कर रहा था। पुलिस पूछताछ में उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। केंद्र प्रभारी की तहरीर पर कोतवाली थाने में मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजने दिया गया है। घटना के बाद प्रशासन सतर्क हो गया है। अधिकारियों ने अन्य परीक्षा केंद्रों पर भी निगरानी बढ़ा दी है, ताकि इस तरह की गड़बड़ियों को समय रहते रोका जा सके।

एसपी सिटी मानुष परीक ने बताया कि एक ही आधार कार्ड पर नाम बदलकर युवक दूसरी बार परीक्षा दे रहा था। चेकिंग के दौरान वह पकड़ा गया है। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

संबंधित समाचार