भीषण हादसा: ब्रेजा कार ने मारी टक्कर, बाइक सवार 4 चचेरे भाईयों की मौत के बाद परिवार में कोहराम
बेहजम।
फरधान थाना क्षेत्र का बेहजम-लखीमपुर मैगलगंज मार्ग सोमवार की रात भीषण हादसे से दहल गया। लखनापुर चौराहे के पास बेहजम की ओर से लखीमपुर जा रही तेज रफ्तार ब्रेजा कार ने दो बाइकों को टक्कर मार दी। हादसे में चार सगे चचेरे भाईयों की मौत हो गई। जबकि दो लोग घायल हुए हैं, हादसे के बाद कार बेकाबू होकर गहरी खाई में जा गिरी। बताते हैं कि कार चालक शालू नशे की हालत में था। हादसे में एक ही परिवार के चार भाईयों की मौत के बाद कोहराम मचा है।
बता दें कि हादसा थाना फरधान क्षेत्र के गांव लखनापुर चौराहा के पास रात करीब 12 बजे हुआ। बेहजम की तरफ से आ रही तेज रफ्तार ब्रेजा कार ने दो बाइकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में सगे चचेरे भाई 30 साल का कृष्णा शुक्ला, 28 साल के मोहित, 35 साल के आदर्श की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि 30 वर्षीय अनुज कुमार ने अस्पताल ले जाते वक्त दम तोड़ दिया। चारों चचेरे भाई थाना नीमगांव के मिर्जापुर सोनौरा गांव के रहने वाले थे। लखीमपुर से भाजपा नेता राहुल शुक्ला के भाई की शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे। तभी फरधान थाना क्षेत्र के कमपुर गांव के पास हादसा पेश आया। हादसा इतना भीषण था कि अनुज कुमार का एक पैर कट कर 20 मीटर दूर खाई में जा गिरा। घायल अनुज कुमार को उपचार के लिए जिला अस्पताल भर्ती कराया गया जहां उनकी मौत हो गई। हादसे में घायल मितौली के गांव गाजीपुर निवासी कुंजन दीक्षित की हालत गंभीर बताई जा रही है। उसका उपचार लखनऊ के एक अस्पताल में चल रहा है।
बेहजम निवासी कार चालक शालू उर्फ भानू मेडिकल कॉलेज लखनऊ में भर्ती है। हादसे में घायल हुए दो अन्य लोग लापता हैं। जिनकी पुलिस और परिजन तलाश कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि कुंजन दीक्षित अपने दो साथियों के साथ बाइक से आ रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही फरधान इंस्पेक्टर राजू राव मौके पर पहुंचे और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इधर मृतकों के परिवार में कोहराम मचा है तो गांव में एक घर के चार लोगों की मौत के बाद मातमी सन्नाटा पसरा है।
