Bareilly : कुत्तों ने दौड़ाया, बाइक से गिरकर रिटायर्ड शिक्षिका की मौत
वीर सावरकरनगर में सुबह दामाद के घर जा रहीं थीं मंजू सक्सेना
बरेली, अमृत विचार। आवारा कुत्तों ने एक और जान ले ली। बुधवार तड़के कर्मचारी नगर क्षेत्र में कुत्तों के झुंड से बचने की कोशिश में बाइक से गिरकर 65 वर्षीय सेवानिवृत्त शिक्षिका की मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने नगर निगम पर कुत्तों को पकड़ने में घोर लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा किया।
वीर सावरकर फेस-2 निवासी महेश चंद्र की पत्नी मंजू सक्सेना (65), हाल ही में बेसिक शिक्षा विभाग से सेवानिवृत्त हुई थीं। बुधवार सुबह वह अपने बेटे शानू के साथ बाइक से कर्मचारी नगर स्थित केसर वाटिका में अपने दामाद शुभम सक्सेना के घर जा रही थीं। वहां से उन्हें दिल्ली के लिए रवाना होना था। बाइक ऑफिसर्स एन्क्लेव विस्तार कॉलोनी में राहुल प्रोविजन स्टोर के पास पहुंची, तभी कुत्तों का एक झुंड बाइक के पीछे दौड़ पड़ा। घबराकर मंजू सक्सेना का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर सिर के बल गिर पड़ीं। उनके सिर में गंभीर चोट आई। अत्यधिक रक्तस्राव के चलते उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हालांकि परिजन उन्हें नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मृतका की समधिन शशि रायजादा ने बताया कि मंजू सक्सेना को इलाज के लिए दिल्ली जाना था। नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य का कहना है किजांच कराएंगे।
एबीसी सेंटर के संचालन नहीं होने से बढ़ी दिक्कत
शहर में अब तक न तो कुत्तों को काबू करने के लिए कोई पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए । पता ही नहीं चल पा रहा है कि कितने कुत्तों की नसबंदी हो गई और कितने रह गए। नगर निगम ने परसाखेड़ा के नदौसी में 1.81 करोड़ की लागत से एबीसी सेंटर बनाया है। यहां 200 कुत्तों को रखने के लिए इंतजाम हैं। इस भवन का लोकार्पण हुए एक साल से ज्यादा हो चुका है। फर्म का चयन हो चुका है, उसे ब्लैक लिस्ट करने की चेतावनी कई बार जारी की जा चुकी है, लेकिन, यहां कुत्ते अब तक नहीं रखे गए।
