Ganga Expressway : शाहजहांपुर के जलालाबाद को मिली सीधी कनेक्टिविटी

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

प्रधानमंत्री ने गंगा एक्सप्रेसवे का किया उद्घाटन, समय-दूरी में आएगी कमीस्थानीय कारोबार, उद्योग और रोजगार के नए अवसर खुलने की उम्मीद

शाहजहांपुर, अमृत विचार। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किया। यह एक्सप्रेसवे शाहजहांपुर के जलालाबाद क्षेत्र से होकर गुजरता है, जिससे जिले को सीधे हाईस्पीड कनेक्टिविटी मिल गई है। इसके शुरू होने से दिल्ली सहित पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पूर्वांचल के बीच यात्रा समय में बड़ी कमी आएगी। वहीं लोगों को तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक सफर का विकल्प मिलेगा।

गंगा एक्सप्रेसवे के चालू होने से शाहजहांपुर, खासकर जलालाबाद क्षेत्र के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है। सड़क संपर्क बेहतर होने से स्थानीय व्यापार, कृषि उत्पादों की आवाजाही और छोटे उद्योगों को बड़ा लाभ मिलेगा। साथ ही निवेश बढ़ने और रोजगार के नए अवसर बनने की संभावना भी मजबूत हुई है। एक्सप्रेसवे के आसपास के इलाकों में जमीन की कीमतों में तेजी और नए व्यावसायिक केंद्र विकसित होने के संकेत मिल रहे हैं।

परियोजना के तहत आधुनिक तकनीक से बनी इस सड़क पर सुरक्षा, प्रकाश और यातायात प्रबंधन के विशेष इंतजाम किए गए हैं। इससे लंबी दूरी की यात्रा आसान होने के साथ दुर्घटनाओं में कमी आने की भी उम्मीद है। स्थानीय लोगों का मानना है कि यह एक्सप्रेसवे क्षेत्र की तस्वीर बदल देगा और शाहजहांपुर को प्रदेश के प्रमुख विकास केंद्रों में शामिल करने में अहम भूमिका निभाएगा। सरकार की इस पहल को प्रदेश के विकास के बड़े कदम के रूप में देखा जा रहा है, जिससे पूर्व और पश्चिम उत्तर प्रदेश के बीच आर्थिक गतिविधियों को नई दिशा मिलेगी और समग्र विकास को बल मिलेगा।

12 जिले जुड़ेंगे, मेरठ से प्रयागराज तक सीधे भर सकेंगे फर्राटा
गंगा एक्सप्रेस वे के शुरू होने से प्रदेश के मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर, अमरोहा, संभल, बदायूं, शाहजहांपुर, हरदोई, उन्नाव, रायबरेली, प्रतापगढ़ और प्रयागराज जिले सीधे आपस में जुड़ जाएंगे। इस एक्सप्रेस वे से पश्चिम से पूर्व उत्तर प्रदेश तक एक मजबूत और सीधा संपर्क स्थापित होगा, जिससे आवागमन तेज और आसान हो जाएगा। इससे इन जिलों के बीच दूरी और समय दोनों में कमी आएगी और विकास को नई गति मिलेगी। शाहजहांपुर और बदायूं के जरिए बरेली तक संपर्क मजबूत होगा। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जरिए उत्तराखंड के हरिद्वार और देहरादून तक यात्रा सुगम होगी। प्रयागराज के माध्यम से बिहार के क्षेत्रों तक सड़क संपर्क तेज होगा, वहीं बुंदेलखंड और प्रयागराज मार्ग से मध्य प्रदेश के रीवा और सतना जैसे इलाकों तक पहुंच आसान बनेगी। गंगा एक्सप्रेस वे के शुरू होने से न केवल आवागमन में सुधार होगा, बल्कि व्यापार, उद्योग और निवेश को भी बढ़ावा मिलेगा। बेहतर कनेक्टिविटी से किसानों और व्यापारियों को बड़े बाजारों तक पहुंच मिलेगी और क्षेत्रीय विकास को नई दिशा मिलेगी।

संबंधित समाचार