Bareilly : सड़क सुरक्षा पर लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

डीएम ने जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में दिए निर्देश

बरेली, अमृत विचार। बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है। जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने सड़क सुरक्षा को लेकर अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं होगी।

कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। डीएम ने शाहजहांपुर से झुमका तिराहा मार्ग पर तेज वाहनों को नियंत्रित करने के लिए विशेष उपाय करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस मार्ग पर साइनेज बोर्ड और रम्बल स्ट्रिप लगाई जांए, ताकि दुर्घटनाओं की संभावना को कम किया जा सके। बैठक में धनेटा फाटक के पास टोल बचाने के लिए वाहन चालकों द्वारा वैकल्पिक मार्ग अपनाने का मुद्दा भी उठा। उन्होंने सख्त रुख अपनाते हुए निर्देश दिए कि ऐसे मार्गों पर कड़ी निगरानी रखी जाए और भारी वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध लगाया जाए। साथ ही जलकल विभाग की पाइपलाइन से हो रहे रिसाव के कारण सड़कों पर बने गड्डों को लेकर भी नाराजगी जताई। संबंधित विभाग को तत्काल मरम्मत के निर्देश दिए गए, ताकि सड़क सुरक्षित और सुगम बन सकें।इस मौके पर अपर जिलाधिकारी सौरभ दुबे, एसपी ट्रैफिक मोहम्मद अकमल खान, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता सहित अन्य संबंधित विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

संबंधित समाचार