Bareilly : आंधी-बारिश साथ, आधे शहर की अंधेरे में कटी रात
आंधी शहर का अधिकतम तापमान 35.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस
बरेली, अमृत विचार। जिले में पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी और लू के प्रकोप के बीच गुरुवार की शाम मौसम ने अचानक करवट ले ली। तेज धूल भरी आंधी और उसके बाद हुई जोरदार बारिश ने जहां एक ओर लोगों को राहत दी, वहीं दूसरी ओर मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया। आसमान में पूरा दिन छाए हल्के बादल शाम को बरस पड़े। तेज हवा के साथ कई इलाकों में हुई बारिश से रात के तापमान में गिरावट आ गई है। दिन में अधिकतम तापमान 35.1 और रात में न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जताया है कि 2, 3 मई को मौसम साफ रहेगा। उसके बाद फिर आसमान में बादल छाने के साथ कई इलाकों में बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को जिले का अधिकतम तापमान 35.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। खास बात यह रही कि अधिकतम तापमान सामान्य से 3.8 डिग्री कम और न्यूनतम तापमान 1.7 डिग्री सेल्सियस कम रिकॉर्ड किया गया। 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली तेज हवाओं ने वातावरण को पूरी तरह प्रभावित किया। सुबह के समय मौसम में हल्की ठंडक और तेज हवाओं का असर देखने को मिला, जबकि दोपहर में उमस ने लोगों को परेशान किया। लेकिन शाम करीब सात बजे अचानक आसमान में काले बादल छा गए और देखते ही देखते तेज आंधी के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई।
बारिश के चलते शहर और देहात दोनों क्षेत्रों में तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई, जिससे मौसम सुहावना हो गया। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ और पुरवा हवाओं के टकराव का परिणाम है। इसके चलते वायुमंडल में अस्थिरता बनी और प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी-तूफान के साथ बारिश देखने को मिली। विशेषज्ञों ने आगामी दिनों में भी मौसम के उतार-चढ़ाव बने रहने की संभावना जताई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 6 मई तक जिले में धूप के साथ हल्की बौछारें पड़ सकती हैं। हालांकि मई के शुरुआती दिनों में तापमान में फिर से वृद्धि संभव है, लेकिन 4-5 मई के आसपास एक बार फिर मौसम में बदलाव और बारिश की संभावना जताई गई है। इस अचानक बदले मौसम ने जहां गर्मी से जूझ रहे लोगों को राहत दी है, वहीं कुछ इलाकों में तेज हवाओं के कारण बिजली आपूर्ति बाधित होने की भी सूचना है। फिलहाल बरेली का मौसम खुशनुमा बना हुआ है और लोग ठंडी हवाओं का आनंद ले रहे हैं।
