Bareilly : उर्से ताजुश्शरिया में शामिल होकर घर लौट रहे बिहार के मौलाना तौसीफ रजा की मौत पर हंगामा, एसपी बोले-तहरीर मिलने पर की जाएगी जांच
परिजनों की आशंका-मारपीट के बाद ट्रेन से फेंका गया, सांसद असदुद्दीन ओवैसी से लेकर अन्य नेताओं ने उठाई जांच की मांग
बरेली, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश के बरेली शहर में उर्से ताजुश्शरिया में शामिल होकर अपने घर बिहार लौट रहे एक जायरीन मौलाना तौसीफ रजा की ट्रेन से गिरकर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला तूल पकड़ गया है। प्राथमिक जांच के आधार पर पुलिस ने इस घटना को हादसा माना, लेकिन अब परिजनों ने तौसीफ के साथ मारपीट का आरोप लगाया है। एआईएमआईएम के अध्यक्ष और सांसद असदुद्दीन ओवैसी समेत अन्य नेताओं द्वारा परिवार के आरोपों को गंभीरता से लेकर जांच की मांग उठाई है। बरेली के एसपी सिटी मानुष पारीक के मुताबिक, परिजनों से बातचीत की गई है। तहरीर मिलने पर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।
घटनाक्रम 27 अप्रैल का है। एसपी सिटी मानुष पारीक के मुताबिक, पालपुर रेलवे फाटक के निकट, ट्रैक के पास एक व्यक्ति का शव मिला था। सुबह को रेलकर्मियों ने इसकी सूचना दी। कैंट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक की पहचान बिहार के जनपद किशनगंज के पठावारी निवासी मौलाना तौसीफ रजा के रूप में हुई।
https://twitter.com/i/status/2049916963770737113
पुलिस ने परिजनों से संपर्क करके उन्हें सूचित किया। पुलिस के मुताबिक शुरुआती जांच के आधार पर ज्ञात हुआ कि ट्रेन में झपकी लगने पर तौसीफ नीचे गिर गए थे। इससे उनकी मौत हो गई। परिजनों ने भी इसे हादसा ही माना था। लेकिन बाद में परिवार वालों ने तौसीफ के साथ ट्रेन में मारपीट का आरोप लगाया है। पुलिस के मुताबिक परिजनों से बातचीत की गई है। तहरीर मिलने पर मामले की जांच कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
बरेली में 24 और 25 अप्रैल को उर्से ताजुश्शरिया था। मौलाना तौसीफ रजा किशनगंज से उर्स में शामिल होने बरेली आए थे। 26 अप्रैल को वह उर्स से अपने घर लौट रहे थे। तभी बरेली परिक्षेत्र में ये हादसा सामने आया है।
तौसीफ की पत्नी तबस्सुम खातून का आरोप है कि 26 अप्रैल की रात तौसीफ से उनकी बात हुई थी। वह काफी डरे हुए थे। उन्होंने बताया था कि ट्रेन में कुछ लोग उनके साथ मारपीट कर रहे हैं। इसी आधार पर परिवार ये आरोप लगा रहा कि तौसीफ के साथ मारपीट कर उन्हें ट्रेन से फेंका गया है।
https://twitter.com/aimim_national/status/2050087532793324031?s=46
इस मामले में बिहार एआईएमआईएम के अध्यक्ष और विधायक अख्तरुल ईमान के बाद सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने भी गंभीर सवाल उठाते हुए घटना की जांच की मांग उठाई है। मामला तूल पकड़ने और परिवार के गंभीर आरोपों के बाद बरेली पुलिस भी सक्रिय हो गई है।

एसपी सिटी मानुष पारीक के मुताबिक, पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को शव सौंप दिया गया था। पीएम तक घरवाले भी यही मान रहे थे कि ट्रेन से गिरकर तौसीफ की मौत हुई है। लेकिन अभी उनके परिजनों द्वारा ट्रेन में मारपीट की आशंका जताई गई है। एसपी सिटी ने कहा कि मैंने बिहार निवासी मृतक के परिजनों से बात की है। उनसे कहा कि तहरीर मिलने पर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।
*जमात रज़ा-ए-मुस्तफा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सलमान हसन खान (सलमान मिया)* ने घटना पर गहरा दुख ज़ाहिर करते हुए कहा कि एक धार्मिक कार्यक्रम से लौट रहे व्यक्ति के साथ ट्रेन में इस प्रकार की घटना होना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि यदि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं की गई तो आम लोगों का रेलवे प्रशासन से विश्वास उठ जाएगा।
सलमान मिया ने बताया कि इस संबंध में रेल मंत्री को पत्र भेजकर पूरे मामले की उच्च स्तरीय एवं निष्पक्ष जांच की मांग की गई है। साथ ही मृतक के परिजनों को उचित आर्थिक मुआवजा, सरकारी सहायता एवं सुरक्षा प्रदान करने की भी मांग उठाई गई है। उन्होंने कहा कि सरकार को चाहिए कि दोषियों को तुरंत गिरफ्तार कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाए तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए लंबी दूरी की ट्रेनों में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया जाए। मरकज़ बरेली शरीफ के जिम्मेदारान ने कहा कि यदि मामले में शीघ्र एवं न्यायपूर्ण कार्रवाई नहीं हुई तो व्यापक स्तर पर विरोध दर्ज कराया जाएगा।
