ईरानी अधिकारी का दावा- सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई जीवित 'पूरी तरह स्वस्थ'

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

तेहरान। ईरान की 'असेंबली ऑफ़ एक्सपर्ट्स' लीडरशिप संस्था के अंतर्राष्ट्रीय मामलों के कार्यालय के प्रमुख मोहसिन कोमी ने पुष्टि की है कि गत 28 फरवरी के हमले में घायल हुए ईरानी सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई अब पूरी तरह स्वस्थ हैं और अपने कर्तव्यों का पालन कर रहे हैं।

चूंकि मोजतबा खामेनेई को उनके पिता का उत्तराधिकारी घोषित किए जाने के बाद से न तो सीधे तौर पर देखा गया है और न ही उनकी आवाज सुनी गई है, इसलिए अमेरिकी अधिकारियों ने दावा किया है कि वे हमले में बुरी तरह घायल हो गए हैं और संभवतः उनका चेहरा भी बिगड़ गया है तथा अपनी चोटों के कारण निर्णय लेने में उनकी भूमिका नगण्य रह गयी है।

ईरान की 'फ़ार्स' समाचार एजेंसी द्वारा जारी एक वीडियो में कोमी ने कहा, "उस समय वे उसी इमारत में मौजूद थे, जिस पर बमबारी हुई थी और जिसके अंदर मौजूद लोग शहीद हो गए थे। कुछ मिनट पहले ही, संयोग से या ईश्वर की इच्छा से वह इमारत के अहाते में चले गए थे और ईश्वर ने चाहा कि वह बच जाएं। मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि उन्हें लगी चोटों के बावजूद सर्वशक्तिमान ईश्वर ने उनकी रक्षा की।"

मोजतबा की हालत के बारे में अमेरिकी दावों को ईरान के भीतर अनिश्चितता पैदा करने और गलत जानकारी और मनगढ़ंत दावों के जरिए शासन पर दबाव बनाने की जानबूझकर की गई कोशिशें बताते हुए उन्होंने इसे एक सोची-समझी चाल का हिस्सा करार दिया। उन्होंने कहा, "यह दुश्मन की एक चाल है, जिसके जरिए वे यह जताने की कोशिश कर रहे हैं। वह सामने क्यों नहीं आ रहे? वह कोई ऑडियो संदेश क्यों नहीं भेज रहे? वह कोई वीडियो संदेश क्यों नहीं भेज रहे? जिन लोगों ने उनसे मुलाकात की है, वे सामने आकर इस बारे में जानकारी क्यों नहीं दे रहे? वे इन 'क्यों' के जरिए हमें प्रतिक्रिया देने पर मजबूर करना चाहते हैं, ताकि वे अपनी योजनाओं को आगे बढ़ाते रहें।"

कोमी ने आगे कहा, "वह पूरी तरह स्वस्थ हैं और कामकाज संभाल रहे हैं। वह अपनी देखरेख में बातचीत और जमीनी मामलों - दोनों की निगरानी कर रहे हैं, और हाल ही में उन्होंने बातचीत करने वाली टीम को कुछ निर्देश भी दिए हैं कि कुछ खास परिस्थितियों में उन्हें क्या करना चाहिए। इन सभी मुद्दों पर उनकी पूरी निगरानी है।" उनके दावे में हालांकि ऐसा कोई नया सबूत पेश नहीं किया गया जिससे उनके इस दावे की पुष्टि हो सके कि देश का नेतृत्व असल में खामेनेई ही कर रहे हैं, न कि कोई अन्य अधिकारी या आईआरजीसी , कि पहले संकेत दिया गया था।

यह पुष्टि हालांकि हो चुकी है कि मोजतबा खामेनेई जीवित हैं, लेकिन जब से उन्हें सर्वोच्च नेता घोषित किया गया है, तब से उनके नाम से जारी सभी बयान केवल लिखित रूप में ही आए हैं; उन्होंने अभी तक स्वयं कोई भी आधिकारिक बयान टेलीविजन पर नहीं दिया है।

संबंधित समाचार