Bareilly: HT लाइन टूटकर गिरने से गांव में फैला करंट, चपेट में आकर दो लोगों की मौत
बरेली, अमृत विचार। अलीगंज थाना दिल दहला देने वाला हादसा पेश आया। सूदनपुर गांव की सुबह उस वक्त मातमी सन्नाटे में बदल गई जब हाईटेंशन लाइन टूटकर गिरने से उसकी चपेट में आए दो लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में किशोर भी शामिल है। बताया जा रहा है कि ट्रांसफार्मर में फाल्ट होने के की वजह से हादसा हुआ। हादसे में झुलसी एक महिला की हालत भी खराब बताई जा रही है।
घटना शनिवार सुबह अलीगंज थाना क्षेत्र के सूदनपुर गांव की है। सुबह करीब सात बजे ट्रांसफार्मर में खराबी के बाद हाईटेंशन लाइन टूटकर गिर पड़ी। लापरवाही का आलम ये था कि लाइन टूटी रही और पूरे गांव में हाई वोल्टेज करंट फैल गया। इस बीच कक्षा दस में पढ़ने वाले छात्र 16 साल के सुभाष ने अपने घर का दरवाजा खोला। दरवाजा लोहे का था लिहाजा टूटी हाईटेंशन लाइन की चपेट में आते ही दरवाजे में करंट फैल गया और सुभाष भी उसकी चपेट में आया। मां बचाने दौड़ती उससे पहले ही सुभाष की मौत हो गई।
वहीं सुभाष के पड़ोस में रहने वाले 24 साल के कुंवरपाल सोकर उठे और जैसे ही बिस्तर से जमीन पर कदम रखा करंट की चपेट में आ गए और मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद सीओ आंवला नितिन कुमार व थाना प्रभारी जगत सिंह मौके पर पहुंचे। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। बिजली निगम के मुख्य अभियंता ज्ञान प्रकाश भी मौके पर पहुंचे थे। इधर घटना के बाद लोगों में आक्रोश है। बिजली निगम के मुख्य अभियंता ने मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये मुआवजा देने का आश्वासन दिया तब जाकर लोग शांत हुए।
