Bareilly: स्पा की आड़ में देह व्यापार, फिर फूटा 'ऑडियो बम'
बरेली, अमृत विचार। स्पा की आड़ में अवैध गतिविधियों का शहर में फिर शोर उठाया है। हिन्दू संगठनों ने कथित रूप से एक स्पा सेंटर में बातचीत का ऐसा ऑडियो पुलिस को भेजा है, जिसमें देह व्यापार को लेकर बातचीत रिकॉर्ड बताई गई है। हिन्दूवादियों ने अफसरों से अवैध क्रियाकलापों में लिप्त स्पा सेंटर्स पर कार्रवाई की मांग उठाई है।
शहर में इस तरह से अनैतिक गतिविधियों को लेकर पहले भी शिकायतें होती रही हैं। हिन्दू जागरण मंच(युवा) जिलाध्यक्ष हिमांशु पटेल सहित कई संगठनों के पदाधिकारियों ने कार्रवाई की मांग को लेकर फिर मोर्चा खोला है। अफसरों को भेजा गया ऑडियो कथित रूप से स्टेडियम रोड के एक स्पा का बताया जा रहा है। एक मिनट के ऑडियो में स्पा स्टाफ अपने सेंट में मसाज के साथ देह व्यापार की बात कह रहा है और पैसों की सौदेबाजी करता सुना जा रहा है।
हिंजाम नेता हिमांशु पटेल का कहना है कि शिकायतों के बाद शहर में इस तरह की गलत गतिविधियों पर रोक नहीं लगाई जा रही। पूर्व में इसे लेकर शहर में विवाद भी होते रहे हैं और अवैध वसूली के खेल भी सामने आते रहे हैं। शिकायतों पर कुछ समय पहले पुलिस ने चेकिंग अभियान भी चलाया था मगर बाद में मामला ठंडा पड़ गया। उनका कहना है कि सिविल लाइंस, डोहरा रोड, स्टेडियम रोड पर संचालित स्पा सेंटर्स में गलत काम होने की सूचनाएं लगातार मिल रही हैं। वायरल ऑडियो इसका स्पष्ट प्रमाण है। स्पा सेंटर्स पर मारपीट की घटनाएं भी हो चुके हैं। उन्होंने जांच कराकर अनैतिक गतिविधियों में लिप्त स्पा सेंटर्स पर कार्रवाई की मांग उठाई है।
