अमृतसर में आर्मी कैंप के पास विस्फोट, बाल-बाल बचे जवान 

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

चंडीगढ़ः पंजाब के जालंधर में हुए विस्फोट के कुछ घंटे बाद अमृतसर में खासा के सेना छावनी क्षेत्र के पास मंगलवार देर रात एक और विस्फोट हुआ। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए। पुलिस ने बताया कि इस विस्फोट में कोई घायल नहीं हुआ है। 

11 बजे के बाद हुआ धमाका

अमृतसर (ग्रामीण) के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) सुहैल मीर कासिम ने कहा, ''हमें रात करीब 11 बजे सूचना मिली कि खासा में एक सड़क पर तेज आवाज सुनाई दी है, इसके बाद हमारी टीम तुरंत वहां पहुंचीं।'' उन्होंने कहा कि शुरुआती जांच और विश्लेषण से पता चला है कि कोई व्यक्ति यहां आया और उसने चारदीवारी की ओर कुछ फेंका और उससे विस्फोट हो गया। विस्फोट के बाद फॉरेंसिक टीम और बम निष्क्रिय दस्ता घटनास्थल पहुंचा। 

एरिया पुलिस छावनी में तब्दील 

पुलिस अधीक्षक (एसपी) आदित्य एस. वारियर भी घटनास्थल पहुंचे और उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। पुलिस ने बताया कि सैन्य अधिकारियों की एक टीम भी घटनास्थल पहुंची। जालंधर जिले में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के पंजाब फ्रंटियर मुख्यालय के बाहर मंगलवार रात करीब आठ बजे हुए विस्फोट के कुछ घंटे बाद यह विस्फोट की दूसरी घटना है।

संबंधित समाचार