बाराबंकी में दिनदहाड़े झपटमारी, पहले वृद्धा को बातों में उलझाया, फिर कान फाड़कर बुंदे ले उड़े बाइक सवार बदमाश
बाराबंकी, अमृत विचार । देवा कोतवाली क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई झपटमारी की घटना से इलाके में दहशत फैल गई। नहर पटरी पर पैदल जा रही एक वृद्धा के कानों से बाइक सवार बदमाश बुंदे नोचकर फरार हो गए। झपट्टा इतना तेज था कि महिला के दोनों कान फट गए और खून निकलने लगा।
जानकारी के अनुसार कुर्सी थाना क्षेत्र के कुकुरिहा गांव निवासी 60 वर्षीय कृष्णावती पत्नी केशन अपने मायके सालेहनगर गांव आई थीं। वह ऑटो से उतरने के बाद गांव की ओर नहर पटरी से पैदल जा रही थीं। इसी दौरान बाइक सवार दो बदमाश उनके पास पहुंचे।
पीड़िता के मुताबिक, एक युवक ने पहले उनसे बातचीत शुरू कर उन्हें बातों में उलझा लिया। तभी अचानक झपट्टा मारकर उनके दोनों कानों में पहने बुंदे नोच लिए। घटना के बाद दर्द से चीखती वृद्धा सड़क पर गिर पड़ीं। उनकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े, लेकिन तब तक बदमाश फरार हो चुके थे।
घटना की सूचना देवा पुलिस को दी गई। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार हो रही ऐसी घटनाएं पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही हैं।
वहीं इंस्पेक्टर देवा यशकांत सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और बाइक सवार बदमाशों की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं।
