Moradabad:भारतीय सेना का साहस और अनुशासन प्रेरणादायक, मनाई ऑपरेशन सिंदूर की वर्षगांठ

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। 23 यूपी बटालियन एनसीसी द्वारा ऑपरेशन सिंदूर की प्रथम वर्षगांठ के अवसर पर बटालियन की सब यूनिट महाराजा अग्रसेन इंटर कॉलेज में गुरुवार को कार्यक्रम आयोजित किया गया। कंपनी कमांडर मेजर राजीव ढल एवं प्रधानाचार्य अरुण कुमार शुक्ला ने राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। एनसीसी कैडेटों एवं अधिकारियों ने राष्ट्रगान किया।

मेजर राजीव ढल ने कहा कि 22 अप्रैल 2025 को पहलगाम की बैसरन घाटी में हुए आतंकी हमले तथा उसके बाद भारतीय सेना द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई को “ऑपरेशन सिंदूर” के नाम से जाना जाता है। उन्होंने बताया कि घाटी जिसे मिनी स्विट्जरलैंड के नाम से भी जाना जाता है में पर्यटक प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद ले रहे थे, तभी आतंकियों ने हमला कर कई निर्दोषों को मौत के घाट उतार दिया। इस घटना के बाद भारत सरकार ने कड़े रणनीतिक कदम उठाए। भारतीय सेना ने आतंकवादी ठिकानों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की। उन्होंने भारतीय सेना के साहस,अनुशासन और राष्ट्र की सुरक्षा के प्रति उनके समर्पण को प्रेरणादायक बताया। उन्होंने कैडेटों से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने तथा देशभक्ति की भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

महाराजा अग्रसेन इंटर कॉलेज के एनसीसी कैडेट्स ने आतंकी हमले में मारे गए निर्दोष लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा भारतीय सेना के शौर्य और बलिदान को नमन किया। कार्यक्रम के दौरान कैडेटों ने हाथों में तिरंगा लेकर भारत माता की जय और वंदे मातरम का जयघोष किया। इस दौरान प्रधानाचार्य अरुण कुमार शुक्ला, 23 यूपी बटालियन के जूनियर कमीशंड अधिकारी (जेसीओ) लोकेंद्र सिंह, हवलदार तेज कुमार लिम्बू, हवलदार दिव्य प्रकाश राय सहित बड़ी संख्या में एनसीसी कैडेट उपस्थित रहे।


संबंधित समाचार