गोंडा : विकृति दूर कर बच्चों के चेहरे की मुस्कान लौटायेगी स्माइल ट्रेन मुफ्त होगा कटे होंठ-तालू का इलाज, यहां कराएं पंजीकरण
गोंडा, अमृत विचार। बच्चों के कटे होंठ-तालू का इलाज के लिए स्माइल ट्रेन संस्था ने पहल की है। इस पहल के तहत संस्था इस तरह की जन्मजात विकृति के शिकार बच्चों का निशुल्क ऑपरेशन कराकर उनकी मुस्कान लौटायेगी। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) एवं स्माइल ट्रेन संस्था के संयुक्त तत्वावधान में जन्म से कटे होंठ और कटे तालू से पीड़ित बच्चों के लिए 11 मई से 15 मई तक निःशुल्क पंजीकरण शिविर आयोजित किया जाएगा।
शिविर के माध्यम से चिन्हित मरीजों का इलाज लखनऊ के हेल्थ सिटी हॉस्पिटल में विशेषज्ञ प्लास्टिक सर्जनों द्वारा पूरी तरह निःशुल्क किया जाएगा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संत लाल पटेल ने बताया कि शिविर जिले के विभिन्न ब्लॉकों में आयोजित किए जाएंगे ताकि अधिक से अधिक मरीजों को इसका लाभ मिल सके। उन्होंने बताया कि बभनजोत, छपिया और मनकापुर ब्लॉक के मरीजों का पंजीकरण 11 मई को सीएचसी मनकापुर में होगा।
वहीं नवाबगंज, वजीरगंज, बेलसर और तरबगंज ब्लॉक के मरीजों का पंजीकरण 12 मई को सीएचसी तरबगंज में किया जाएगा। इसी क्रम में परसपुर, हलधरमऊ, कटरा बाजार और कर्नलगंज ब्लॉक के मरीजों का पंजीकरण 13 मई को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कर्नलगंज में होगा। जबकि खरगूपुर, मुजेहना, इटियाथोक, झंझरी और पंडरी कृपाल ब्लॉक के मरीजों का पंजीकरण 14 मई को डीईआईसी सेंटर, जिला महिला चिकित्सालय में किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त सभी ब्लॉकों एवं शहरी क्षेत्र के छूटे हुए मरीजों का पंजीकरण 15 मई को डीईआईसी सेंटर जिला महिला चिकित्सालय में किया जाएगा। अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं आरबीएसके के नोडल अधिकारी डॉ. सी.के. वर्मा ने अभिभावकों और आमजन से अपील की है कि यदि उनके घर या आसपास ऐसे बच्चे हों तो उनका पंजीकरण अवश्य कराएं, ताकि उन्हें सामान्य जीवन और मुस्कान मिल सके।
उन्होंने बताया कि पंजीकृत मरीजों का इलाज हेल्थ सिटी हॉस्पिटल लखनऊ में स्माइल ट्रेन संस्था के प्रोजेक्ट डायरेक्टर एवं प्लास्टिक सर्जन डॉ. वैभव खन्ना तथा वरिष्ठ प्लास्टिक सर्जन डॉ. आदर्श कुमार द्वारा निःशुल्क किया जाएगा। मरीजों को आने-जाने का किराया भी उपलब्ध कराया जाएगा।
जानकारी के लिए इन नंबरों पर करें संपर्क
डीईआईसी मैनेजर - 9415533385
नीरज कुमार, प्रतिनिधि स्माइल ट्रेन संस्था- 9454159999 व 9565437056
