प्रयागराज में नए एडवेंचर की शुरुआत, स्मार्ट सिटी योजना के तहत यमुना नदी में वाटर स्पोर्ट्स बनेगा आकर्षण का केंद्र 

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश की संगम नगरी प्रयागराज अब धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान के साथ-साथ वाटर एडवेंचर स्पोर्ट्स के नए केंद्र के रूप में भी विकसित होने जा रही है। नगर निगम प्रयागराज ने स्मार्ट सिटी योजना के तहत यमुना नदी में वाटर एडवेंचर स्पोर्ट्स की शुरुआत की है। महापौर उमेश चंद्र गणेश केसरवानी ने यमुना रिवर बैंक बोट क्लब पर इस परियोजना का शुभारंभ किया। 

नगर निगम के अनुसार इस परियोजना पर लगभग ढाई करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक उपकरण और सुविधाएं विकसित की गई हैं। इसके तहत अब प्रयागराज में स्पीड बोट, स्पीड स्कूटर (जेट स्की), कयाकिंग, कैनोइंग और रोइंग जैसी जल क्रीड़ा गतिविधियों का संचालन किया जाएगा। इससे प्रयागराज के लोगों को जल क्रीड़ा गतिविधियों के लिए मुंबई या गोवा जैसे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा, बल्कि अन्य राज्यों के पर्यटक भी यहां आकर वाटर स्पोर्ट्स का आनंद ले सकेंगे। 

महापौर उमेश चंद्र गणेश केसरवानी ने कहा कि प्रयागराज में गंगा और यमुना नदियों का संगम होने के कारण यहां वाटर स्पोर्ट्स की अपार संभावनाएं हैं, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हुई थी। नगर निगम बोर्ड की बैठक में प्रस्ताव पारित होने के बाद इस योजना को अमलीजामा पहनाया गया। वाटर एडवेंचर स्पोर्ट्स का संचालन कर रहे अभिषेक सिंह ने बताया कि बोट क्लब पर पर्यटकों के लिए विभिन्न प्रकार की नौकाओं की व्यवस्था की गई है। इनमें स्पीड बोट, जेट स्की, सात सीटर बायलाइनर बोट तथा 30 सीटर कैटामरीन बोट शामिल हैं। 

कैटामरीन बोट पर बर्थडे पार्टी, मैरिज एनिवर्सरी और हल्दी समारोह जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जा सकेंगे। इसके अलावा पर्यटक बनाना राइड जैसी रोमांचक गतिविधियों का भी आनंद उठा सकेंगे। उन्होंने बताया कि प्रयागराज में पहली बार कयाकिंग, कैनोइंग और रोइंग जैसी प्रतियोगी जल क्रीड़ाओं की नियमित व्यवस्था की गई है। इससे स्थानीय खिलाड़ियों को भी प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं के बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे। 

अंतरराष्ट्रीय कयाकिंग एवं कैनोइंग खिलाड़ी नितिन चंद्र और कोच रोहित निषाद ने नगर निगम की इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि अब तक प्रयागराज में केवल राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं आयोजित होती थीं, लेकिन नई सुविधाओं के बाद राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के आयोजन की संभावनाएं बढ़ गई हैं। इससे स्थानीय खिलाड़ियों को राष्ट्रीय मंच तक पहुंचने में मदद मिलेगी और प्रयागराज वाटर स्पोर्ट्स के प्रमुख केंद्र के रूप में उभरेगा। 

ये भी पढ़ें :  
लखनऊ में गोमती बैराज का होगा कायाकल्प, सीएम योगी का निर्देश, आधुनिक गेटों से सुनिश्चित होगी निर्बाध जलापूर्ति

संबंधित समाचार