Uttrakhand:वीकेंड पर नैनीताल पर्यटकों से गुलजार, कैंची धाम क्षेत्र में दिनभर लगा जाम

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

नैनीताल, अमृत विचार। मैदानी इलाकों में पड़ रही भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक सप्ताहांत पर पहाड़ों का रुख कर रहे हैं। शनिवार को वीकेंड के मौके पर नैनीताल और आसपास के पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ी। शहर के प्रमुख पर्यटन स्थल दिनभर गुलजार रहे, जबकि विश्व प्रसिद्ध बाबा नीम करौली महाराज के कैंची धाम क्षेत्र में वाहनों की लंबी कतारों के चलते जाम की स्थिति बनी रही।

नैनीताल पहुंचे पर्यटकों ने सबसे अधिक नैनीझील में नौकायन का आनंद लिया। इसके अलावा स्नो व्यू, केव गार्डन, हिमालय दर्शन, चिड़ियाघर और मालरोड समेत अन्य पर्यटन स्थलों पर भी दिनभर पर्यटकों की चहल-पहल बनी रही। होटल, रेस्टोरेंट, टैक्सी और नौका कारोबार से जुड़े छोटे-बड़े व्यवसायियों के चेहरे भी पर्यटकों की आमद से खिले नजर आए।

पर्यटकों का कहना है कि मैदानी क्षेत्रों में इन दिनों भीषण गर्मी पड़ रही है, जबकि पहाड़ों का मौसम बेहद सुहावना बना हुआ है। ठंडी हवाओं और प्राकृतिक सुंदरता का आनंद लेने के लिए बड़ी संख्या में लोग नैनीताल पहुंच रहे हैं। इधर, बाबा नीम करौली महाराज के विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। शनिवार देर शाम तक करीब 10 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। 

श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या के कारण सुबह से ही कैंची धाम क्षेत्र में यातायात का दबाव बढ़ गया और कई स्थानों पर जाम की स्थिति बनी रही। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस और प्रशासन की ओर से विशेष यातायात व्यवस्था लागू की गई। कैंची धाम जाने वाले श्रद्धालुओं के निजी वाहनों पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध लगाया गया है। श्रद्धालुओं को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर वाहन खड़े कर शटल सेवा के माध्यम से धाम तक भेजा जा रहा है। इसके बावजूद भवाली और कैंची धाम के बीच सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। पुलिसकर्मी लगातार यातायात को सुचारु बनाए रखने में जुटे रहे। प्रशासन का कहना है कि आगामी दिनों में पर्यटकों और श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ने की संभावना को देखते हुए अतिरिक्त व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

संबंधित समाचार