बाराबंकी : फिर शुरू होगा ध्वस्तीकरण, मकान खाली करने को मुनादी, लोधेश्वर महादेवा कॉरिडोर को लेकर प्रशासन सख्त
रामनगर/बाराबंकी, अमृत विचार। लोधेश्वर महादेवा मंदिर कॉरिडोर निर्माण को लेकर प्रशासन ने एक बार फिर सख्ती तेज कर दी है। शनिवार को एसडीएम आनन्द तिवारी एवं तहसीलदार विपुल कुमार सिंह ने पुरुषोत्तम मास मेले की तैयारियों और कॉरिडोर क्षेत्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने मेले से पूर्व बैरिकेडिंग, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और साफ-सफाई के कार्य समय से पूरा कराने के निर्देश दिए।
वहीं अधिग्रहित होने के बावजूद खाली न किए गए शेष मकानों को जल्द खाली कराने के लिए लेखपाल के माध्यम से मुनादी कराने को कहा। देर शाम डुग्गी मुनादी कर लोगों से मकान शीघ्र खाली करने की अपील की गई। सूत्रों के अनुसार सोमवार से दोबारा ध्वस्तीकरण अभियान शुरू होने की संभावना जताई जा रही है।
उधर लोधेश्वर महादेवा कॉरिडोर का निर्माण कार्य तेजी से जारी है और मुख्य द्वार का निर्माण भी कराया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान ग्राम प्रधान राजन तिवारी, कोतवाल अरुण प्रताप सिंह, चौकी इंचार्ज रजनीश पांडेय सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
