तमिलनाडु में सस्पेंस खत्म : राज्यपाल ने विजय को सरकार बनाने का दिया न्योता, रविवार को चेन्नई में शपथग्रहण

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

चेन्नई। तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने शनिवार को टीवीके प्रमुख विजय को राज्य का नया मुख्यमंत्री नियुक्त किया। लोकभवन ने यह जानकारी दी। लोकभवन से प्राप्त जानकारी के अनुसार शपथ ग्रहण रविवार को सुबह 10 बजे चेन्नई में होगा। राज्यपाल आर्लेकर ने विजय को 13 मई या उससे पहले तक विश्वास मत हासिल करने का समय दिया। 

वीसीके और आईयूएमएल द्वारा टीवीके को सरकार बनाने के लिए समर्थन देने की घोषणा के बाद अभिनेता-राजनेता विजय ने शनिवार को राज्यपाल आर्लेकर से मुलाकात की और उन्हें पार्टियों के उन पत्रों को सौंपा जिनमें बिना शर्त समर्थन देने का वादा किया गया था। 

विजय ने तमिलनाडु कांग्रेस कमेटी (टीएनसीसी) के प्रमुख के. सेल्वपेरुंथगई और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के राज्य सचिव पी. षणमुगम सहित सहयोगी दलों के नेताओं के साथ राज्यपाल से मुलाकात की। वीसीके (विदुथलाई चिरूथईगल काची) और इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) के पास दो-दो सीट हैं।

दोनों पार्टियों के समर्थन को मिलाकर तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) की सीट की संख्या अब 234 सदस्यीय विधानसभा में 120 हो गई है। टीवीके के संस्थापक नेता ने राज्यपाल से उन्हें सरकार बनाने के लिए औपचारिक रूप से आमंत्रित करने का आग्रह किया था। विजय चौथी बार लोकभवन में राज्यपाल से मिलने पहुंचे थे। इस बीच, टीवीके कार्यकर्ताओं ने पार्टी कार्यालय में पटाखे फोड़े, मिठाइयां बांटीं और बड़ी संख्या में इकट्ठा होकर जश्न मनाया।  

संबंधित समाचार