बैडमिंटन क्लस्टर चैंपियनशिप का सीएम योगी ने किया उद्घाटन, कहा- ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ और राष्ट्र निर्माण का सशक्त माध्यम बन चुका है खेल
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दूसरी ऑल इंडिया पुलिस बैडमिंटन क्लस्टर चैंपियनशिप 2025-26 का उद्घाटन करते हुए कहा कि खेल राष्ट्र निर्माण का एक महत्वपूर्ण माध्यम बन चुका है। मुख्यमंत्री ने कहा, “उत्तर प्रदेश भारत का सबसे बड़ा राज्य है, जहां 25 करोड़ से अधिक जनसंख्या निवास करती है। इसमें 56 प्रतिशत आबादी युवा वर्ग यानी वर्किंग फोर्स है। जनसंख्या जितनी स्वस्थ और फिट होगी, उतने ही बेहतर परिणाम राज्य और देश को मिलेंगे।” यह प्रतियोगिता बाबू बनारसी दास यू.पी. बैडमिंटन अकादमी में आयोजित किया गया है।
योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में परंपरागत विचार को उद्धृत करते हुए कहा, ‘शरीरमाद्यं खलु धर्मसाधनम्’ अर्थात् स्वस्थ शरीर ही सभी कार्यों और धर्म का आधार है। उन्होंने जोर देकर कहा कि खेलकूद को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। खेल के मैदान में खिलाड़ी जो अनुशासन, दृढ़ संकल्प और समर्पण सीखता है, वही गुण उसे राष्ट्र को सशक्त, सुरक्षित और विकसित बनाने वाली मजबूत कड़ी बनाते हैं।
सीएम ने कहा, “हर मेडल के पीछे संघर्ष की एक कहानी होती है। टैलेंट सिर्फ शुरुआत देता है, लेकिन मेहनत और पसीना ही हमें लक्ष्य तक पहुंचाता है। खेल हमें गिरना, उठना और फिर से जीतना सिखाता है।” उन्होंने आगे कहा कि ‘एक भारत – श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को साकार करने में खेल आज सशक्त माध्यम बन गया है। खेलो इंडिया, फिट इंडिया और सांसद खेलकूद प्रतियोगिता जैसे कार्यक्रमों ने गांव-देहात के अंतिम खिलाड़ी को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच दिया है।
इसी का परिणाम है कि आज भारत ओलंपिक, कॉमनवेल्थ गेम्स, एशियन गेम्स और विश्व चैंपियनशिप में पहले से कहीं अधिक भागीदारी और सफलता हासिल कर रहा है। मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए बताया कि राज्य में खिलाड़ियों के लिए सीधी भर्ती, पदोन्नति और नकद पुरस्कार की पारदर्शी व्यवस्था लागू की गई है। इसके अलावा सरकारी नौकरियों में खिलाड़ियों के लिए 2 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण (Horizontal Reservation) की व्यवस्था भी की गई है, ताकि वे सम्मानजनक करियर बना सकें।
