बाजारखाला में भाजयुमो पदाधिकारी को मारी गालियां, ट्रामा सेंटर में भर्ती... हिरासत में आरोप

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार: बाजारखाला के टिकैतराय तालाब स्थित मेहंदीगंज इलाके में रंजिश को लेकर दबंगों ने भाजयुमो पदाधिकारी श्याम चेतन तिवारी पर शनिवार देर रात फायरिंग कर दी। दो गाेलियां लगने से युवक खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी भाग निकले। परिजन ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल को अस्पताल पहुंचाया। घायल की हालत नाजुक बनी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही डीसीपी पश्चिम कमलेश दीक्षित तालकटोरा व बाजारखाला पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

मेहंदीगंज इलाके में सुरेश चन्द्र तिवारी परिवार के साथ रहते हैं। उनका बेटा श्याम चेतन तिवारी भाजपा युवा मोर्चा के महानगर कार्य समिति का सदस्य है। श्याम चेतन घर के सामने कुछ निर्माण कार्य करा रहा है। बताया जा रहा है कि शनिवार रात श्याम चेतन राजगीरों से ईंट रखवा रहा था। इसी दौरान मोहल्ले में रहने वाला वैभव बाजपेई साथी संग वहां पहुंचा। उनके बीच कुछ विवाद हुआ। इसी दौरान आरोपियों ने असलहा निकालकर श्याम चेतन पर ताड़तोड़ फायरिंग की।

कमर में गोली लगने से श्याम खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा। फायरिंग की आवाज सुनकर परिजन व आसपड़ोस के लोग दौड़े। इसी बीच आरोपी धमकाते हुए भाग निकले। आनन-फानन में घायल को ट्रामा सेंटर पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। डॉयल-112 पर फायरिंग की सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर बाजारखाला बृजेश सिंह, इंस्पेक्टर तालकटोरा कुलदीप उपाध्याय फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे।

जानकारी पर डीसीपी पश्चिम कमलेश दीक्षित व एसीपी बाजारखाला वीरेंद्र विक्रम भी पहुंचे। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को घटनास्थल पर बुलाकर छानबीन की। पुलिस ने घटनास्थल पर काम कर रहे राजगीर रामदास से पूछताछ की। उसने बताया कि दो लोग थे। तीन गोलियां चलायी थीं। डीसीपी ने पुलिस टीमें गठित कर तलाश शुरू की। कुछ देर में ही पुलिस ने आरोपी वैभव बाजपेई निवासी मेहंदीगंज को पकड़ लिया।

पोस्टर लगाने को लेकर पूर्व में हुआ था विवाद

शुरुआती छानबीन में सामने आया कि कुछ समय पहले होर्डिंग व पोस्टर लगाने को लेकर श्याम चेतन और वैभव के बीच विवाद व मारपीट हुई थी। उसी रंजिश में वैभव ने देर रात घटना को अंजाम दिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर साथी और असलहे के बारे में जानकारी जुटा रही है। इंस्पेक्टर बृजेश सिंह ने बताया कि घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

संबंधित समाचार