Moradabad:रोडवेज डिपो में खड़ी सभी एसी बसों को किया जाएगा ऑन-रूट
मुरादाबाद, अमृत विचार। एक ओर भीषण गर्मी से यात्री बेहाल हैं, वहीं दूसरी ओर परिवहन निगम की एसी बसें डिपो में खड़ी धूल फांक रही हैं। इस लापरवाही पर परिवहन निगम मुख्यालय ने नाराजगी जाहिर की है। मुख्यालय ने निर्देश दिया है कि सभी एसी बसों का संचालन सुचारु रूप से किया जाए।
रोडवेज में अधिकतर सफर करने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। अब तक डिपो में खड़ी एसी बसों को सड़कों पर दौड़ाया जाएगा। मुरादाबाद क्षेत्र के कई डिपो में एसी बसों का शत-प्रतिशत संचालन न होने पर मुख्यालय ने कड़ा रुख अपनाते हुए सख्त निर्देश जारी किए हैं कि क्षेत्रीय प्रबंधक अब किसी भी हालत में एसी बसें खड़ी नहीं रखेंगे, उन्हें तत्काल ऑन-रूट किया जाए। इतना ही नहीं, अब हर डिपो को रोजाना सुबह 10 बजे तक पूरी रिपोर्ट देनी होगी, जिसमें यह बताना होगा कि कितनी बसें चल रही हैं, कितनी बंद हैं। अधिकारियों को यह भी बताना होगा कि बसें क्यों बंद हैं और इसके लिए जिम्मेदार कौन है।
मुख्यालय ने चेतावनी दी है कि अगर किसी भी स्तर पर लापरवाही या ढिलाई सामने आई, तो संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों पर सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई तय है। गर्मी के इस दौर में यात्रियों की परेशानी को देखते हुए निगम अब किसी भी तरह की ढिलाई के मूड में नहीं है।
