हरिओम हत्याकांड का खुलासा:प्रेमिका से दूरी बनाने को कहा, नहीं माना तो लोहे की राड से कर दी हत्या

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

शाहजहांपुर, अमृत विचार। मदनापुर थाना क्षेत्र में पिकअप चालक हरिओम की हत्या प्रेम-प्रसंग में रोड़ा बनने पर की गई थी। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी अभिषेक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लोहे की राड भी बरामद की है। पुलिस के मुताबिक गांव की एक युवती से दोनों के प्रेम संबंध थे। आरोपी अपनी प्रेमिका से मृतक की बातचीत से नाराज था और इसी के चलते उसने हत्या की वारदात को अंजाम दिया।

मदनापुर थाना क्षेत्र के गांव चंदपुर निवासी हरिओम पिकअप चालक था। बुधवार को वह डीजे पिकअप में लादकर रामनगर गांव गया था। गुरुवार सुबह उसके भाई ने फोन किया तो मोबाइल स्विच ऑफ मिला। इसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। दोपहर बाद गांव के बाहर एक पेड़ के नीचे उसका शव खून से लथपथ हालत में मिला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर में गंभीर चोटों से मौत होने की पुष्टि हुई थी। मृतक के भाई दिनेश ने हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

पुलिस ने जांच के दौरान हरिओम के मोबाइल की सीडीआर निकलवाई तो गांव के ही अभिषेक की आखिरी कॉल सामने आई। पुलिस ने अभिषेक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पहले वह टालमटोल करता रहा, लेकिन सख्ती से पूछताछ में उसने हत्या की बात कबूल कर ली। आरोपी ने बताया कि गांव की एक युवती से उसका प्रेम-प्रसंग चल रहा था और वह उससे शादी करना चाहता था। अजीविका के लिए वह चंडीगढ़ चला गया था। इसी दौरान उसे जानकारी हुई कि मृतक हरिओम भी उसकी प्रेमिका से बातचीत करने लगा है और दोनों के बीच प्रेम-प्रसंग हो गया है।

आरोपी ने बताया कि वह 20 अप्रैल 2026 को चंडीगढ़ से गांव लौट आया था। उसने हरिओम से प्रेमिका से दूरी बनाने को कहा, लेकिन वह नहीं माना। सात मई को उसे पता चला कि हरिओम उसकी प्रेमिका को गांव के बाहर मिलने के लिए बुला रहा है। इसके बाद उसने हरिओम को सुबह बाग में बुला लिया। आरोपी ने बताया कि बारिश होने के कारण वह चादर ओढ़कर गया था और उसके अंदर लोहे की राड छिपाकर ले गया था। 

वहां उसने हरिओम से प्रेमिका से बातचीत बंद करने को कहा, लेकिन हरिओम ने उसकी प्रेमिका के लिए अपमानजनक शब्द कह दिए। इससे गुस्से में आकर उसने लोहे की राड से उसके सिर पर हमला कर दिया। आरोपी ने उसके सीने पर बैठकर कई वार किए और मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी अभिषेक को चंदोखा तिराहे से गिरफ्तार कर लिया। टीम में प्रभारी निरीक्षक विश्वजीत प्रताप सिंह, एसओजी प्रभारी मनोज कुमार और उप निरीक्षक लाल बहादुर सिंह शामिल रहे।

संबंधित समाचार