योगी मंत्रिमंडल में भूपेंद्र सिंह और मनोज पांडेय बने कैबिनेट मंत्री, दो राज्य मंत्रियों का प्रमोशन, ब्राह्मण-ओबीसी-दलित संतुलन पर जोर
-कृष्णा पासवान, सुरेंद्र दिलेर, हंसराज विश्वकर्मा व कैलाश सिंह राजपूत बने राज्य मंत्री -एक दलित महिला समेत छह नए चेहरे शामिल, दो राज्य मंत्रियों का हुआ प्रमोशन -2027 के चुनावी समीकरण साधने की कोशिश, ब्राह्मण-ओबीसी-दलित संतुलन पर जोर
लखनऊ, अमृत विचार: राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने रविवार को जनभवन के गांधी सभागार में आठ मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। कैबिनेट मंत्री के रूप में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी और सपा से आए मनोज कुमार पांडेय समेत राज्य मंत्री के रूप में कृष्णा पासवान, सुरेंद्र दिलेर, हंसराज विश्वकर्मा व कैलाश सिंह राजपूत ने शपथ ली। राज्यमंत्री अजीत सिंह पाल व सोमेंद्र तोमर को प्रोन्नत कर राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) की शपथ दिलाई गई।
लोकसभा चुनाव के बाद बदले राजनीतिक समीकरणों और 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच योगी सरकार के दूसरे मंत्रिमंडल विस्तार में एक दलित महिला समेत छह नए चेहरे शामिल करके भाजपा ने सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन साधने की कोशिश की है। नवनियुक्त मंत्रियों ने राज्यपाल आनंदी बेन पटेल व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पुष्पगुच्छ देकर अभिनंदन किया। शपथ ग्रहण के उपरांत जनभवन का गांधी सभागार भारत माता की जय व जयश्रीराम के जयकारों से गूंज उठा।
गौरतलब है कि भूपेंद्र सिंह चौधरी भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और विधान परिषद सदस्य हैं, जबकि मनोज पांडेय सपा छोड़कर पांच विधायकों के साथ भाजपा में आए थे। वे रायबरेली की ऊंचाहार सीट से विधायक हैं। कृष्णा पासवान फतेहपुर की खागा सीट, सुरेंद्र दिलेर अलीगढ़ की खैर सीट और कैलाश सिंह राजपूत कन्नौज की तिर्वा सीट से विधायक हैं। वाराणसी के हंसराज विश्वकर्मा विधान परिषद सदस्य हैं। समारोह में केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, भाजपा संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, और ब्रजेश पाठक समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
पश्चिम से पूर्वांचल तक संतुलन की कोशिश
भाजपा ने इस विस्तार में क्षेत्रीय और जातीय समीकरणों पर विशेष ध्यान दिया है। प्रदेश अध्यक्ष पद छोड़ने के बाद पश्चिमी उत्तर प्रदेश से जाट चेहरा माने जाने वाले भूपेंद्र चौधरी को सरकार में लाकर भाजपा नेतृत्व ने संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय का संकेत दिया है। वहीं, ब्राह्मण चेहरे के तौर पर मनोज पांडेय को अहम जिम्मेदारी देकर पार्टी ने सवर्ण वर्ग को साधने का प्रयास किया है। दलित वर्ग से कृष्णा पासवान और पिछड़े वर्ग से सुरेंद्र दिलेर व कैलाश राजपूत को मंत्रिमंडल में जगह देकर भाजपा ने सामाजिक प्रतिनिधित्व का संदेश देने की कोशिश की है। विधान परिषद सदस्य हंसराज विश्वकर्मा को शामिल कर विश्वकर्मा समाज को भी साधने का प्रयास माना जा रहा है।
पूर्ण मंत्रिमंडल में अब 23 कैबिनेट मंत्री
अभी तक मंत्रिमंडल में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक सहित कुल 54 मंत्री थे। छह नए मंत्री बनाए जाने से अब राज्य मंत्रिमंडल की अधिकतम संख्या 60 पूरी हो गई है। रविवार को मंत्रिमंडल विस्तार के बाद अब 23 कैबिनेट मंत्री, 16 राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और 21 राज्य मंत्री हो गए हैं।
विपक्ष पर भी साधा निशाना
शपथ ग्रहण के बाद मंत्री भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित पार्टी है और नेतृत्व जो जिम्मेदारी देता है, उसे पूरा करना ही उनका दायित्व है। उन्होंने दावा किया कि सपा का सूपड़ा साफ होगा। मनोज पांडेय ने कहा कि पार्टी और नेतृत्व ने जो भरोसा जताया है, उस पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे। मंत्री कृष्णा पासवान ने कहा कि मुख्यमंत्री, राज्यपाल, प्रधानमंत्री और राष्ट्रीय अध्यक्ष व प्रदेश अध्यक्ष का धन्यवाद करती हूं। मुख्यमंत्री और संगठन के लोग मुझे जो भी दायित्व देंगे उसका निर्वहन करूंगी। हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि सेवा के भाव से हम काम करेंगे, प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाने के लिए अच्छे से अच्छा काम करेंगे।
