Moradabad: शाकाहारी चावल की जगह परोस दी मांसाहारी बिरयानी, होटल में हंगामा 

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। डिप्टीगंज चौराहे के पास स्थित रेस्टोरेंट में सादा चावल की जगह मांसाहारी बिरयानी परोस दी गई। खाने में मीट का टुकड़ा मिलने को लेकर हंगामा हो गया। अधिवक्ता ने होटल संचालक और उसके साथियों पर मारपीट, नकदी व सोने की चेन छीनने तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। इसकी वीडियो वायरल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है।

अधिवक्ता जितेंद्र कुमार छह मई की शाम अपने साथियों के साथ डिप्टीगंज स्थित रेस्टोरेंट में खाना खाने पहुंचे थे। इस रेस्टोरेंट पर मांसाहारी और शाकाहारी दोनों प्रकार का भोजन मिलता है। अधिवक्ता के अनुसार उन्होंने रेस्टोरेंट मालिक से शाकाहारी भोजन के बारे में पूछकर खाना मंगाया था। खाना खाते समय उनकी प्लेट में परोसे गए चावल के स्थान पर मांसाहारी बिरयानी परोस दी गई। खाना खाते वक्त चावल की प्लेट में मीट का टुकड़ा और हड्डी निकल आई। अधिवक्ता का आरोप है कि शिकायत करने पर होटल मालिक भड़क गया और जबरन वह खाना खाने का दबाव बनाने लगा। विरोध करने पर होटल संचालक और उसके 8-10 साथियों ने मारपीट कर दी। आरोप है कि इस दौरान उनकी जेब में रखे करीब 10 हजार रुपये और सोने की चेन भी छीन ली गई।

पीड़ित पक्ष का कहना है कि घटना की वीडियो भी बनाई गई है, जिसमें खाने में मीट का टुकड़ा दिखाई दे रहा है। मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पीड़ित ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

 

संबंधित समाचार