Uttrakhand: नैनीताल समेत पर्यटन स्थलों में अवैध होम स्टे पर प्रशासन की कार्रवाई शुरू

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

नैनीताल, अमृत विचार। नैनीताल समेत जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर अवैध रूप से संचालित हो रहे होम स्टे के खिलाफ प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। जिलाधिकारी के निर्देश पर सोमवार से नैनीताल, भीमताल, रामगढ़, मुक्तेश्वर और आसपास के पर्यटन क्षेत्रों में विशेष जांच एवं छापेमारी अभियान चलाया गया। इस दौरान कई होम स्टे में शासन द्वारा निर्धारित नियमों का उल्लंघन सामने आया।

एसडीएम नैनीताल नवाजिश खालिक ने बताया कि पर्यटन सीजन को देखते हुए जिले में बड़ी संख्या में होम स्टे संचालित हो रहे हैं, लेकिन शिकायतें मिल रही थीं कि कई संचालक बिना मानकों का पालन किए व्यवसाय चला रहे हैं। इसी के तहत प्रशासनिक टीमों को विभिन्न क्षेत्रों में जांच के निर्देश दिए गए हैं। जांच के दौरान पाया गया कि कई होम स्टे संचालक स्वयं अपने प्रतिष्ठान में निवास नहीं कर रहे हैं, जबकि होम स्टे नीति के तहत संचालक का उसी भवन में रहना अनिवार्य है। इसके अलावा कई स्थानों पर पार्किंग की समुचित व्यवस्था नहीं मिली, जिससे पर्यटकों के वाहनों के कारण यातायात प्रभावित होने की आशंका बनी रहती है।

जांच में यह भी सामने आया कि कुछ होम स्टे बिना पूर्ण पंजीकरण और आवश्यक मानकों के संचालन कर रहे हैं। कई प्रतिष्ठानों में सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाएं भी संतोषजनक नहीं पाई गईं। अधिकारियों ने संबंधित संचालकों को नियमों का पालन करने के निर्देश दिए हैं। एसडीएम नवाजिश खालिक ने कहा कि सभी जांच रिपोर्ट तैयार कर जिलाधिकारी को भेजी जा रही हैं। रिपोर्ट के आधार पर नियमों का उल्लंघन करने वाले संचालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पर्यटन स्थलों पर व्यवस्थित और सुरक्षित पर्यटन व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है और नियमों की अनदेखी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

 प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद अवैध रूप से संचालित हो रहे होम स्टे संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है। लखनऊ से नैनीताल घूमने आए पर्यटक राहुल ने प्रशासन की इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि इस तरह की कार्रवाई लगातार होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि नैनीताल बड़ा पर्यटन स्थल है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे में कई बार पर्यटकों को सही और गलत ठहराव स्थलों की जानकारी नहीं होती और कुछ लोग उन्हें भ्रमित कर देते हैं। उन्होंने प्रशासन की कार्रवाई को सराहनीय बताया। वहीं स्थानीय निवासी एवं होटल कारोबारी संजय शाह ने कहा कि अनियमित तरीके से संचालित हो रहे होम स्टे के कारण पार्किंग, यातायात और पर्यावरण संबंधी समस्याएं लगातार बढ़ रही थीं। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन और पर्यटन विभाग को इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रखनी चाहिए।

संबंधित समाचार