Bareilly: राजनीति का माहौल बदला, सपा का विकल्प तलाशें मुसलमान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। आल इंडिया मुस्लिम जमात के अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रजवी ने उत्तर प्रदेश के मुसलमानों के नाम एक खुला पत्र जारी करते हुए वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को मुस्लिम समाज के लिए बेहद महत्वपूर्ण बताया है। उन्होंने कहा कि उलमा, बुद्धिजीवी, डॉक्टर, प्रोफेसर और सामाजिक कार्यकर्ताओं को गंभीर विचार-विमर्श करना चाहिए।

मौलाना शहाबुद्दीन ने मुसलमानों को लिखे पत्र में कहा है कि लोकसभा में मुलायम सिंह यादव ने नरेन्द्र मोदी को दूसरीऔर तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने की दुआ की थी। जब योगी आदित्यनाथ मुख्यमंत्री बनकर गोरखपुर से लखनऊ पहुंचे, उस समय मुख्यमंत्री हाउस तैयार नहीं था, अखिलेश यादव योगी से मिलने पहुंचे थे। उनको शुभकामनाएं दी। ये भी कहा कि जब तक आपका घर तैयार नहीं हो जाता तब तक मेरे घर में रहिये। पत्र में कहा गया कि चुनावों के दौरान समाजवादी पार्टी मुसलमानों को भाजपा का डर दिखाकर वोट मांगती है, दूसरी ओर सपा और भाजपा नेताओं के मेलजोल की तस्वीरें भी सामने आती रहती हैं।

 मौलाना ने कहा कि मुस्लिम समाज अब तक सपा को वोट देता आया है, लेकिन अब विकल्प तलाश करने और उसे मजबूती से खड़ा करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश की राजनीति का माहौल बदल चुका है और मुस्लिम नेतृत्व कई अहम मुद्दों पर खामोश नजर आता है। समुदाय के हितों को ध्यान में रखते हुए बड़े फैसले लेने की आवश्यकता है। मौलाना ने उत्तर प्रदेश के मुसलमानों से एकजुट होकर सोच-समझकर राजनीतिक निर्णय लेने की अपील की।

संबंधित समाचार