इकाना में धोनी को लेकर सस्पेंस, 15 मई के CSK-LSG मुकाबले पर टिकी फैंस की नजरें, बढ़ी हलचल
लखनऊ, अमृत विचार : 15 मई को इकाना स्टेडियम में होने वाले लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) और चेन्नई सुपरकिंग्स (सीएसके) के मुकाबले से पहले क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह है। लेकिन सबसे बड़ा सवाल महेंद्र सिंह धोनी की मौजूदगी को लेकर बना हुआ है। उनके खेलने को लेकर संशय के चलते फैंस की धड़कनें तेज हो गई हैं।
सूत्रों के अनुसार धोनी नेट्स पर अभ्यास कर रहे हैं और फिट नजर आ रहे हैं, लेकिन पिछले मुकाबले में उनके मैदान पर नहीं उतरने से अटकलें और बढ़ गई हैं। यदि 15 मई को इकाना में ‘थाला’ नहीं दिखे, तो हजारों प्रशंसकों को निराशा हो सकती है। इसका असर टिकटों की मांग और स्टेडियम के माहौल पर भी पड़ सकता है।
सीएसके के लिए धोनी की मौजूदगी केवल बल्लेबाजी तक सीमित नहीं है, बल्कि उनका अनुभव टीम के लिए मानसिक मजबूती का बड़ा आधार माना जाता है। वहीं एलएसजी और सीएसके दोनों टीमों की तैयारियां तेज हैं। एलएसजी सोमवार को लखनऊ पहुंच चुकी है और 13 मई को अभ्यास करेगी, जबकि सीएसके की टीम भी 13 मई को लखनऊ पहुंचेगी। 14 मई को दोनों टीमें इकाना में अभ्यास कर रणनीति को अंतिम रूप देंगी।
