Azamgarh News : पुलिस मुठभेड़ में वाहन चोर गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार, जवाबी फायरिंग में एक घायल घायल

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

आजमगढ़। उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में चोरी की घटनाओं के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत तरवां थाना पुलिस ने सोमवार-मंगलवार की मध्य रात्रि मुठभेड़ के दौरान ट्रैक्टर और वाहन चोरी करने वाले संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक बदमाश पुलिस की जवाबी फायरिंग में घायल हो गया। 

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का ट्रैक्टर, पिकअप वाहन, अवैध तमंचा, कारतूस, गेहूं की बोरियां और नकदी बरामद की है। घायल बदमाश पर आसपास के जनपदों में 13 मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। लालगंज क्षेत्राधिकारी भूपेश कुमार पांडे ने मंगलवार को बताया कि दो मई को थाना तरवां में पूनम गिरी निवासी मौलानीपुर ने तहरीर देकर बताया था कि एक मई की रात उनके घर के बाहर खड़ा ट्रैक्टर अज्ञात चोर चोरी कर ले गए। 

इस संबंध में थाना तरवां पर धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। उन्होंने बताया कि 11/12 मई की रात थाना प्रभारी तरवां चन्द्रदीप कुमार पुलिस टीम के साथ बोगरिया बाजार में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान सूचना मिली कि चोरी का ट्रैक्टर और पिकअप लेकर कुछ बदमाश कंचनपुर-बोगरिया मार्ग से गुजरने वाले हैं तथा उनके पास अवैध हथियार भी हैं। 

सूचना के आधार पर पुलिस ने बांसगांव तिराहे पर घेराबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की। कुछ देर बाद एक पिकअप और ट्रैक्टर आता दिखाई दिया। पुलिस द्वारा रोकने का प्रयास करने पर पिकअप चालक भागने लगा, जिसे पुलिस ने मौके पर पकड़ लिया। वहीं ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर भागने लगा और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। 

पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश विनोद उर्फ सिंटू निवासी मीरपुर थाना बहरियाबाद जनपद गाजीपुर के बाएं पैर में गोली लग गई। उसके कब्जे से 315 बोर का तमंचा, खोखा और जिंदा कारतूस बरामद किया गया। घायल बदमाश को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तरवां भेजा गया। पुलिस ने उसके साथी अमित कुमार उर्फ धासू निवासी बारोडीह थाना भुड़कुड़ा जनपद गाजीपुर को भी गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से एक पिकअप वाहन, छह बोरी अनाज और 4500 रुपये नकद बरामद किए गए। 

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनका एक संगठित गिरोह है, जो योजना बनाकर ट्रैक्टर, वाहन और दुकानों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देता है तथा चोरी का सामान बेचकर रकम आपस में बांट लेता है। अभियुक्तों ने मौलानीपुर से ट्रैक्टर चोरी की घटना के अलावा देवगांव क्षेत्र के कोटा खुर्द से गेहूं लदा टेंपो लोडर चोरी करने तथा होली से पहले पल्हना बाजार स्थित परचून की दुकान में चोरी करने की घटनाओं में भी संलिप्तता स्वीकार की है।  

संबंधित समाचार