NEET UG परीक्षा रद्द... 22 लाख से अधिक छात्रों का भविष्य अधर में; अब CBI करेगी पेपर लीक की जांच
नई दिल्ली/जयपुर: देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा 'नीट यूजी 2026' को लेकर इस वक्त की सबसे बड़ी खबर आ रही है। एक बार फिर से NTA के कराए गए एग्जाम का पेपर लीक हो गया है। 22 लाख से अधिक छात्रों की मेहनत पर पेपर लीक पानी फेर दिया है। एग्जाम लीक के नेशनल टेस्टिंग एजेंसी यानी NTA ने नीट यूजी 2026 की परीक्षा को रद्द फैसला लिया है। अब इस पूरे काले खेल की जांच सीबीआई करेगी।
3 मई को देशभर में आयोजित हुई नीट यूजी परीक्षा अब विवादों के घेरे में है। शुरुआत में जिसे अफवाह बताया जा रहा था, राजस्थान पुलिस की एसओजी (SOG) जांच में वो एक कड़वी सच्चाई बनकर सामने आई। जांच में खुलासा हुआ है कि परीक्षा से पहले जो 'गेस पेपर' वायरल हुआ था, उसके 180 में से करीब 120 से 150 सवाल हूबहू मुख्य परीक्षा में आ गए।
हैरानी की बात यह है कि केमिस्ट्री के 30 और बायोलॉजी के 90 सवाल सीधे लीक हुए पेपर से मैच कर गए। जांच में सामने आया कि पेपर छपने से पहले ही सवालों का सेट लीक कर दिया गया था।
https://twitter.com/NTA_Exams/status/2054089524347871736?s=20
NTA ने इस धांधली को स्वीकार करते हुए परीक्षा निरस्त कर दी है। एजेंसी का कहना है कि हालांकि इससे छात्रों और अभिभावकों को परेशानी होगी, लेकिन सिस्टम पर भरोसा बनाए रखने के लिए परीक्षा रद्द करना ही एकमात्र रास्ता था। अब इस पूरे सिंडिकेट का पर्दाफाश करने की जिम्मेदारी सीबीआई को सौंप दी गई है।
अगर आप या आपके परिवार में कोई इस परीक्षा में शामिल हुआ था, तो ये तीन बातें आपके लिए जानना बेहद जरूरी हैं:
1. दोबारा फॉर्म नहीं: आपको नए सिरे से आवेदन करने की जरूरत नहीं है।
2. कोई एक्स्ट्रा फीस नहीं: आपसे दोबारा कोई परीक्षा शुल्क नहीं लिया जाएगा, बल्कि पहली फीस वापस करने की प्रक्रिया भी शुरू होगी।
3. पुराना रजिस्ट्रेशन: आपका पुराना रजिस्ट्रेशन और चुना हुआ परीक्षा केंद्र ही मान्य रहेगा।
22 लाख छात्रों की आंखों में डॉक्टर बनने का सपना था, लेकिन पेपर लीक माफिया ने उस सपने को फिलहाल धुंधला कर दिया है। अब सबकी नजरें सीबीआई जांच और एनटीए द्वारा घोषित होने वाली नई तारीखों पर टिकी हैं।
NTA ने अपील की है कि छात्र सोशल मीडिया की अफवाहों से बचें और केवल आधिकारिक वेबसाइट पर ही भरोसा करें।
