पंजाब की लगातार चौथी हार पर भड़के कप्तान अय्यर, कहा- खराब गेंदबाजी और फील्डिंग ने हमे डुबोया
धर्मशाला। पंजाब किंग्स की लगातार चौथी हार के बाद कप्तान श्रेयस अय्यर ने कहा कि सोमवार को उनकी गेंदबाज़ी और फील्डिंग ने टीम को मैच हराया, क्योंकि बल्लेबाज़ी में उन्होंने 5 विकेट पर 210 रन बनाए थे। पंजाब के क्षेत्ररक्षकों ने दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) के बल्लेबाज़ों के दो कैच छोड़े। वे इस सीज़न में अब तक कुल 19 कैच छोड़ चुके हैं, जो किसी भी टीम से सबसे ज़्यादा हैं।
अय्यर ने कहा, "मैं बात घुमाऊंगा नहीं। मैं यही कहूंगा कि फिर से फ़ील्डिंग और गेंदबाज़ी के कारण हम मैच में पीछे गए। इस विकेट पर, जहां गेंद सीम कर रही थी और उछाल अलग-अलग थी, हमने कम से कम 30 रन ज़्यादा बनाए थे।" जब उनसे पूछा गया कि आईपीएल इतिहास के सबसे ज़्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज़ युज़वेंद्र चहल ने पंजाब की गेंदबाज़ी में एक भी गेंद क्यों नहीं डाली, तो अय्यर ने कहा: "उन्हें गेंद देने का बिल्कुल विचार था, लेकिन जिस तरह गेंद सीम कर रही थी और तेज़ गेंदबाज़ों को मदद मिल रही थी, तो हमें लगा कि अगर हम अपनी लाइन और लेंथ पा लें, तो विकेट निकाल सकते हैं। लेकिन दुर्भाग्य से हम ऐसा नहीं कर पाए।"
उन्होंने कहा, ''मैं कोई बहाना नहीं देना चाहता इसलिए यह कहूंगा कि फ़ील्डिंग और गेंदबाज़ी एक बार फिर हार का कारण रही। स्कोर बहुत अच्छा था और मुझे लगा कि हमने 30 रन अधिक बनाए थे क्योंकि परिस्थितियां कठिन थी और गेंद सीम कर रही थी। चहल से गेंदबाज़ी कराना मन में था लेकिन जिस तरह से गेंद सीम कर रही थी और मूव कर रही थी उसे देखते हुए मैंने तेज़ गेंदबाज़ों से गेंदबाज़ी कराने का फ़ैसला किया लेकिन हम विकेट हासिल नहीं कर पाए।
दिल्ली कैपिटल्स के सामने 211 का लक्ष्य भी था। पावरप्ले में ही दिल्ली कैपिटल्स ने तीन विकेट गंवा दिए थे और ट्रिस्टन स्टब्स दुर्भाग्यपूर्ण ढंग से रन आउट भी हो गए थे। दिल्ली कैपिटल्स पर दबाव लगातार बढ़ता ही जा रहा था लेकिन यहां से अक्षर और मिलर ने पारी को संभाला। अक्षर अर्धशतक बनाकर आउट हो गए और इसके बाद आक्रमण की ज़िम्मेदारी मिलर ने संभाली। हालांकि मिलर भी अर्धशतक बनाकर आउट हो गए लेकिन आशुतोष शर्मा और माधव तिवारी ने दिल्ली कैपिटल्स को जीत दिला दी।
