red">क्लासरूम में एआई : शिक्षक का विकल्प या सहायक

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

कभी ब्लैकबोर्ड शिक्षा का प्रतीक था। फिर स्मार्ट बोर्ड आए, डिजिटल कंटेंट आया, ऑनलाइन क्लासेस आईं। अब शिक्षा की दुनिया एक और बड़े बदलाव के दौर में है-आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी एआई तेजी से क्लासरूम में प्रवेश कर रहा है। स्कूलों, कॉलेजों, कोचिंग संस्थानों और एडटेक प्लेटफॉर्म्स में एआई आधारित टूल्स का इस्तेमाल बढ़ रहा है। कोई इसे शिक्षा का भविष्य बता रहा है, तो कोई इसे शिक्षक की भूमिका पर संकट मान रहा है। ऐसे में सवाल केवल तकनीक का नहीं, शिक्षा की आत्मा का है-क्या एआई शिक्षक का विकल्प बन सकता है या वह केवल उसका सहायक रहेगा? 

Untitled design (35)

एआई ने शिक्षा के पारंपरिक ढांचे को चुनौती देना शुरू कर दिया है। आज ऐसे प्लेटफॉर्म मौजूद हैं, जो छात्र की सीखने की गति, उसकी कमजोरियां और उसकी रुचि के आधार पर व्यक्तिगत अध्ययन सामग्री तैयार कर सकते हैं। किसी छात्र को गणित में कठिनाई है, तो एआई उसे अतिरिक्त अभ्यास देगा। किसी को विज्ञान के विजुअल कंटेंट से बेहतर समझ आती है, तो वही सामग्री सामने आएगी। यह शिक्षा को “एक जैसी पढ़ाई सबके लिए” वाले मॉडल से निकालकर व्यक्तिगत सीखने की दिशा में ले जा रहा है। 

यही कारण है कि एआई को शिक्षा का लोकतंत्रीकरण करने वाली तकनीक भी कहा जा रहा है। दूरदराज के क्षेत्रों में जहां अच्छे शिक्षकों की कमी है, वहां एआई आधारित डिजिटल ट्यूटर गुणवत्तापूर्ण सहायता दे सकते हैं। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र चौबीसों घंटे डाउट सॉल्विंग और प्रैक्टिस मॉड्यूल पा सकते हैं। शिक्षकों के लिए भी यह तकनीक राहत ला सकती है-कॉपी जांचना, रिपोर्ट बनाना, टेस्ट एनालिसिस करना और कमजोर छात्रों की पहचान जैसे कार्य अब मशीनें कर सकती हैं। यहीं से बहस शुरू होती है। 

क्या शिक्षा केवल सूचना का आदान-प्रदान है? यदि हां, तो मशीनें इसे मनुष्यों से अधिक कुशलता से कर सकती हैं, लेकिन यदि शिक्षा का अर्थ सोचने की क्षमता विकसित करना, जिज्ञासा जगाना, नैतिकता सिखाना, आत्मविश्वास भरना और जीवन की दिशा देना है तो फिर शिक्षक की भूमिका मशीन से कहीं आगे है। शिक्षक केवल पाठ नहीं पढ़ाता, वह व्यक्तित्व गढ़ता है। वह छात्र की आंखों में छिपी उलझन पढ़ता है, उसके आत्मविश्वास में आई कमी महसूस करता है, असफलता के बाद उसे संभालता है और कभी-कभी उसके जीवन का सबसे बड़ा प्रेरक बन जाता है। एआई डेटा पढ़ सकता है, भावनाएं नहीं। वह उत्तर दे सकता है, लेकिन जीवन की दिशा नहीं दे सकता।

शैक्षणिक ईमानदारी का संकट

एआई के बढ़ते उपयोग के साथ दूसरी बड़ी चिंता सीखने की प्रक्रिया को लेकर है। यदि छात्र हर प्रश्न का उत्तर मशीन से तुरंत पाने लगेंगे, तो क्या उनकी स्वयं सोचने और संघर्ष करने की क्षमता घटेगी? शिक्षा केवल सही उत्तर पाने की कला नहीं, बल्कि सही उत्तर तक पहुंचने की बौद्धिक यात्रा है। कठिन प्रश्नों से जूझना, गलती करना, फिर समझना-यही वास्तविक सीखना है। यदि एआई हर समस्या का तत्काल समाधान देगा, तो यह प्रक्रिया कमजोर पड़ सकती है। शैक्षणिक ईमानदारी का संकट भी सामने है। दुनिया भर के शिक्षण संस्थान इस चुनौती से जूझ रहे हैं कि छात्र असाइनमेंट, निबंध, प्रोजेक्ट और यहां तक कि शोध कार्य तक एआई से तैयार करा रहे हैं। इससे मूल्यांकन की पारंपरिक पद्धति अप्रासंगिक होती जा रही है। आने वाले वर्षों में शिक्षा व्यवस्था को “याद करके लिखने” वाले मॉडल से हटकर “सोचकर प्रस्तुत करने” वाले मॉडल की ओर जाना ही होगा।

भारत के संदर्भ में एआई का प्रश्न

भारत के संदर्भ में एआई का प्रश्न और जटिल है। देश में लाखों छात्र अब भी बुनियादी डिजिटल संसाधनों से वंचित हैं। ऐसे में एआई आधारित शिक्षा यदि बिना तैयारी के लागू होती है, तो यह नई डिजिटल असमानता पैदा कर सकती है-जहां  एक वर्ग “स्मार्ट लर्निंग” पाएगा और दूसरा अभी भी पारंपरिक कमज़ोर ढांचे में फंसा रहेगा। यानी एआई अवसर भी है और असमानता का जोखिम भी। एक और गंभीर चिंता है डेटा गोपनीयता की। एआई आधारित लर्निंग प्लेटफॉर्म छात्रों का शैक्षणिक व्यवहार, प्रदर्शन, आदतें और मानसिक पैटर्न तक रिकॉर्ड कर रहे हैं। यह डेटा भविष्य में कैसे इस्तेमाल होगा? क्या यह केवल सीखने के लिए होगा या व्यावसायिक लाभ का साधन भी बनेगा? शिक्षा क्षेत्र में डेटा का यह केंद्रीकरण नीति-निर्माताओं के लिए नया प्रश्न है। 

शिक्षा व्यवस्था के लिए निर्णायक मोड़

फिर भी इन आशंकाओं के बीच एक बात स्पष्ट है कि एआई को रोका नहीं जा सकता। जैसे इंटरनेट और स्मार्टफोन शिक्षा का हिस्सा बने, वैसे ही एआई भी बनेगा। असली प्रश्न यह है कि क्या शिक्षा व्यवस्था इस बदलाव के लिए तैयार है? भविष्य संभवतः “एआई बनाम शिक्षक” का नहीं, बल्कि “एआई + शिक्षक” का होगा। मशीनें दोहराव वाले, विश्लेषणात्मक और डेटा-आधारित कार्य संभालेंगी; शिक्षक रचनात्मकता, आलोचनात्मक सोच, संवाद, मूल्य और प्रेरणा पर ध्यान देंगे। यानी शिक्षक की भूमिका समाप्त नहीं होगी-वह और अधिक महत्वपूर्ण हो जाएगी, पर उसका स्वरूप बदल जाएगा। कल का सफल शिक्षक वह होगा जो केवल पढ़ाना नहीं, बल्कि तकनीक के साथ पढ़ाना जानता हो। जो एआई का उपयोग छात्रों की कमजोरी पहचानने, कंटेंट अनुकूलित करने और कक्षा को अधिक प्रभावी बनाने में कर सके और जो यह समझे कि तकनीक सहायक है, शिक्षक का प्रतिस्थापन नहीं। शिक्षा व्यवस्था के लिए यह एक निर्णायक मोड़ है। यदि एआई को बिना नीति, प्रशिक्षण और नैतिक ढांचे के अपनाया गया, तो यह शिक्षा को सतही, निर्जीव और असमान बना सकता है। लेकिन यदि इसे समझदारी से शिक्षक-केंद्रित मॉडल में जोड़ा गया, तो यह सीखने को अधिक व्यक्तिगत, प्रभावी और समावेशी बना सकता है। अंत में कह सकते हैं कि क्योंकि ज्ञान मशीन दे सकती है, लेकिन सीखने की प्रेरणा अब भी इंसान ही देता है। बेशक, एआई क्लासरूम में आया है और रहेगा। पर वह शिक्षक की कुर्सी पर नहीं, वह शिक्षक के बगल में बैठेगा।


-राजेश जैन

संबंधित समाचार