UP प्रवक्ता भर्ती लिखित परीक्षा प्रदेशभर में सम्पन्न, 319 केंद्र पर हुई आयोजित
लखनऊ। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि आयोग द्वारा आयोजित प्रवक्ता संवर्ग की लिखित परीक्षा रविवार को प्रदेश के विभिन्न परीक्षा केन्द्रों पर सम्पन्न करायी गयी। आज यहां जारी एक सरकारी विज्ञप्ति के अनुसार परीक्षा दो पालियों में आयोजित हुई। प्रथम पाली की परीक्षा प्रातः 09:30 बजे से 11:30 बजे तक तथा द्वितीय पाली की परीक्षा अपराह्न 02:30 बजे से 04:30 बजे तक आयोजित की गयी।
डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि परीक्षा का संचालन आयोग द्वारा निर्धारित परीक्षा केन्द्रों पर पूर्ण पारदर्शिता, नकलविहीन एवं सुव्यवस्थित वातावरण में सम्पन्न कराया गया। परीक्षा के दौरान आयोग में स्थापित एआई एकीकृत नियंत्रण कमांड कक्ष से सभी परीक्षा केन्द्रों की सतत निगरानी की गयी।
आयोग के अध्यक्ष, सदस्यगण, सचिव, परीक्षा नियंत्रक एवं उपसचिव की उपस्थिति में परीक्षा केन्द्रों पर लगे एआई कैमरों के माध्यम से परीक्षार्थियों की गतिविधियों पर निरंतर दृष्टि रखी गयी। उन्होंने बताया कि आयोग द्वारा तकनीकी नवाचार एवं पारदर्शिता को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पायलट प्रोजेक्ट के अंतर्गत लखनऊ जनपद के चयनित परीक्षा केन्द्रों पर परीक्षा समाप्ति के तत्काल बाद परीक्षार्थियों द्वारा प्रयुक्त ओएमआर उत्तर पत्रकों की स्कैनिंग परीक्षा कक्ष में ही करायी गयी।
स्कैनिंग प्रक्रिया अभ्यर्थियों की उपस्थिति में सम्पन्न हुई तथा स्कैन डाटा को तत्काल सुरक्षित करने की कार्यवाही भी सुनिश्चित की गयी। सम्पूर्ण प्रक्रिया की निगरानी भी आयोग के एआई एकीकृत नियंत्रण कमांड कक्ष से की गयी। आयोग अध्यक्ष ने जानकारी दी कि 09 मई का लिखित परीक्षा में कुल 89,766 (38.04 प्रतिशत) परीक्षार्थी उपस्थित रहे, जिनमें महिला परीक्षार्थियों की उपस्थिति 34.89 प्रतिशत एवं पुरुष परीक्षार्थियों की उपस्थिति 42.26 प्रतिशत रही।
वहीं 10 मई की लिखित परीक्षा में कुल 1,03,168 (45.12 प्रतिशत) परीक्षार्थी उपस्थित रहे, जिनमें महिला परीक्षार्थियों की उपस्थिति 41.92 प्रतिशत तथा पुरुष परीक्षार्थियों की उपस्थिति 48.08 प्रतिशत रही। इस प्रकार दोनों दिन आयोजित लिखित परीक्षा में कुल 1,92,934 (41.53 प्रतिशत) परीक्षार्थी उपस्थित रहे। डॉ. प्रशांत कुमार ने परीक्षा के सफल संचालन हेतु सम्बन्धित जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के सहयोग की सराहना करते हुए सभी अभ्यर्थियों, केन्द्र व्यवस्थापकों एवं प्रशासनिक अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
