कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही का निर्देश, किसानों के हित में बनेगी नई कार्ययोजना, समयबद्ध खरीद और प्राकृतिक खेती पर जोर
लखनऊ, अमृत विचार : कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही की अध्यक्षता में बुधवार को विधानसभा समिति कक्ष में कृषि स्थायी समिति की बैठक हुई। बैठक में समिति सदस्यों ने किसानों के हित में प्रदेश सरकार द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री और कृषि मंत्री के प्रति आभार जताया।
कृषि मंत्री ने कहा कि समिति के सभी रचनात्मक सुझावों को विभाग की आगामी कार्ययोजनाओं में शामिल किया जाएगा। उन्होंने सदस्यों से अपने-अपने क्षेत्रों में किसानों को विभागीय योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। साथ ही, आधुनिक खेती के मॉडल अपनाकर किसानों के लिए उदाहरण प्रस्तुत करने की बात कही।
बैठक में किसानों की उपज की उचित मूल्य पर समयबद्ध खरीद, आवारा पशुओं से फसलों की सुरक्षा और कृषि विभाग की योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार पर चर्चा हुई। सदस्यों ने पर्यावरण संरक्षण और मृदा स्वास्थ्य सुधार के लिए प्राकृतिक खेती को और बढ़ावा देने का सुझाव दिया।
बैठक में रामसूरत राजभर, राजेंद्र सिंह पटेल, केपी श्रीवास्तव, बाबूलाल, सुरेंद्र कुमार कुशवाहा और वीरेंद्र सिंह लोधी सहित समिति सदस्य मौजूद रहे। प्रमुख सचिव कृषि रवींद्र, सचिव कृषि इंद्र विक्रम सिंह, निदेशक कृषि पंकज त्रिपाठी तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भी भाग लिया।
ये भी पढ़ें :
यूपी पुलिस का 'ऑपरेशन क्लीन': 48 घंटे में 35 एनकाउंटर, तीन इनामी ढेर
