यूपी पुलिस का 'ऑपरेशन क्लीन': 48 घंटे में 35 एनकाउंटर, तीन इनामी ढेर
- मुजफ्फरनगर में मंगलवार को हुए अलग-अलग सात एनकाउंटर -विगत सप्ताह भी हुए थे एनकाउंटर, चार अपराधियों की हुई थी मौत
लखनऊ, अमृत विचार: यूपी पुलिस विगत 48 घंटे में 35 एनकाउंटर किए। इन एनकाउंटर में दो अलग-अलग स्थानों से तीन इनामी भी ढेर हुए है। एनकाउंटर में घायल आरोपियों का इलाज कराया जा रहा है। सर्वाधिक एनकाउंटर मुजफ्फरनगर जिले में हुए, हालांकि यहां पर किसी आरोपी की मौत नहीं हुई। विगत सप्ताह भी एनकाउंटर हुए थे, जिसमें चार अपराधी ढेर हो गए थे।
गाजियाबाद पुलिस ने एटीएम लूट कांड में आरोपी एवं 50-50 हजार के इनामी जुबेर और समीर को एनकाउंटर में मार गिराया। एनकाउंटर की यह घटना गाजियाबाद में मंगलवार की देर रात हुई। विगत 6 मई को दोनों आरोपियों ने गन प्वाइंट पर कैश वैन में 27 लाख रुपये का डाका डाला था। तभी से पुलिस दोनों आरोपियों को तलाश रही थी। इसी मामले में समीर का भाई शोएब और फिरोज अभी भी फरार हैं।
वहीं मेरठ के थाना अलीपुर, लोहियानगर में हुए मुठभेड़ के दौरान एक लाख के इनामी बदमाश जुबैर की मौत हो गई। जुबैर पर 24 दिसंबर 2025 को थाना सिविल लाइन अलीगढ़ क्षेत्र में राव दानिश हिलाल की गोली मारकर हत्या करने का आरोप था। जुबैर मुनीर गैंग का महत्वपूर्ण सदस्य था। जुबैर पर हत्या, लूट, डकैती से जुड़े दो दर्जन से अधिक मामले विभिन्न जिलों के थानों में दर्ज थे।
उधर, मुजफ्फरनगर में पुलिस ने पिछले 24 घंटे में अपराधियों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाते हुए सात अलग-अलग मुठभेड़ों में 10 बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इनमें नौ बदमाश पुलिस की जवाबी कार्रवाई में घायल हुए हैं। कार्रवाई जिले के नई मंडी, मंसूरपुर, बुढाना और नगर कोतवाली थाना क्षेत्रों में की गई।
यहां के नई मंडी कोतवाली पुलिस ने चार मुठभेड़ों में सलमान उर्फ शहजाद, खुशनसीब, अमर, गुड्डू, सागर और अभिषेक को गिरफ्तार किया है। वहीं मंसूरपुर थाना पुलिस ने शैंकी और मनीष को दबोचा। बुढाना पुलिस ने शाहरुख पठान को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया, जबकि नगर कोतवाली पुलिस ने शिवम उर्फ मोटा को मुठभेड़ के बाद पकड़ा।
ये भी पढ़ें :
यूपी में 1 जुलाई से लागू होगा 'VB-G RAM G', डिप्टी सीएम ने दी जानकारी, बोले-ग्रामीण परिवार को मिलेगी 125 दिन के रोजगार की गारंटी
